फरीदाबाद आतंकी मामले पर भड़के भूपेंद्र हुड्डा, हरियाणा पुलिस पर साधा निशाना
फरीदाबाद की आतंकी गतिविधियों पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का हमला। बोले– हरियाणा पुलिस चौकस नहीं, 80 गैंग एक्टिव। गवर्नर को सौंपा ज्ञापन।
-
भूपेंद्र सिंह हुड्डा का हरियाणा पुलिस पर निशाना, कहा- नहीं है चौकस
-
पूर्व सीएम ने राज्यपाल से मुलाकात कर बीपीएल कार्ड घोटाले की जांच मांगी
-
धान खरीद में घोटाले और किसानों को बोनस देने की उठाई मांग
हरियाणा के फरीदाबाद में सामने आई आतंकी गतिविधियों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा पुलिस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य की पुलिस को जितना सतर्क और चौकस होना चाहिए, उतनी नहीं है, जिसके कारण अपराधी और आतंकी लगातार सक्रिय हैं।
हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। राज्य में 80 से अधिक गैंग सक्रिय हैं, जो खुलेआम आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की नाकामी के कारण आज हरियाणा अपराध में नंबर वन राज्य बन चुका है।
पूर्व सीएम ने ये बयान राज्यपाल असीम घोष से मुलाकात के बाद दिया। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और विधायक दल के सदस्य भी मौजूद रहे। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई।
हुड्डा ने बताया कि कांग्रेस ने राज्यपाल से 10 लाख बीपीएल कार्ड काटे जाने की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि चुनाव से पहले बड़ी संख्या में बीपीएल कार्ड बनाए गए थे, लेकिन मतदान खत्म होते ही लाखों कार्ड रद्द कर दिए गए।
कांग्रेस ने इस मुद्दे पर ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान शुरू किया है, जिसके तहत जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
इसके अलावा हुड्डा ने धान खरीद में बड़े घोटाले का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धान की पैदावार कम हुई है, फिर भी मंडियों में ज्यादा धान पहुंचा, जो घोटाले की ओर इशारा करता है। उन्होंने कहा कि किसानों की फसलें एमएसपी पर नहीं खरीदी जा रही हैं, इसलिए किसानों को प्रति क्विंटल ₹1000 बोनस दिया जाना चाहिए।
बिहार चुनाव पर बात करते हुए हुड्डा ने कहा कि एग्जिट पोल पर भरोसा नहीं किया जा सकता, क्योंकि हरियाणा में भी एग्जिट पोल गलत साबित हुए थे। उन्होंने कहा कि बिहार में इस बार महागठबंधन की जीत निश्चित है।
Author1