पीएम मोदी की मां को गाली पर NDA का बिहार बंद, कई जिलों में हाईवे जाम और आगजनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली देने के विरोध में एनडीए ने गुरुवार को बिहार बंद बुलाया। पटना, समस्तीपुर, बेगूसराय, भागलपुर समेत कई जिलों में हाईवे जाम, आगजनी और हंगामे की घटनाएं सामने आईं।

पीएम मोदी की मां को गाली पर NDA का बिहार बंद, कई जिलों में हाईवे जाम और आगजनी

  • PM मोदी की मां को गाली देने के विरोध में NDA का बिहार बंद

  • पटना, समस्तीपुर, बेगूसराय, दरभंगा समेत 12 जिलों में हाईवे जाम, आगजनी और धक्का-मुक्की

  • 2 सितंबर को पीएम मोदी घटना पर भावुक हुए थे, कहा—‘मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था’


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली देने के विरोध में NDA ने गुरुवार को बिहार बंद का आह्वान किया। बंद के असर से समस्तीपुर, बेगूसराय, छपरा, हाजीपुर, दरभंगा समेत 12 जिलों में नेशनल हाईवे जाम हो गया। जगह-जगह गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।

पटना के सगुना मोड़ पर आगजनी की गई, वहीं डाकबंगला चौराहे को प्रदर्शनकारियों ने पूरी तरह ब्लॉक कर दिया। जहानाबाद में तो बीजेपी कार्यकर्ता रोड रोलर लेकर सड़क जाम करने पहुंच गए। इसी दौरान स्कूल जा रही एक महिला टीचर को जबरन रोककर घर भेजा गया।

भागलपुर में बंद समर्थकों और बाइक से जा रहे दंपती के बीच बहस हुई, जिसके बाद दंपती से बदसलूकी की गई। वहीं, दरभंगा में महिला मोर्चा ने कमान संभालते हुए चौक-चौराहों पर धरना दिया। हालांकि पुलिस, एंबुलेंस और एयरफोर्स की गाड़ियों को जाने दिया गया।

बेगूसराय में मंत्री सुरेंद्र मेहता खुद सड़क पर उतरकर दुकानों और बाजार को बंद करवाते दिखे। मुजफ्फरपुर में NH-27 जाम करने को लेकर प्रदर्शनकारियों और RAF जवानों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, हालांकि बाद में बातचीत से मामला सुलझ गया।

पटना में 2 हजार से ज्यादा पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। कांग्रेस और RJD ऑफिस की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।


विवाद की पृष्ठभूमि

27 अगस्त को दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान बनाए गए स्वागत मंच से प्रधानमंत्री मोदी की मां को गाली दी गई थी। आरोपी मोहम्मद रिजवी को 28 अगस्त की रात गिरफ्तार कर लिया गया। वह पेशे से पंक्चर की दुकान चलाता है।

इसके बाद से बीजेपी लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है।


मोदी हुए थे भावुक

2 सितंबर को जीविका दीदियों के कार्यक्रम को ऑनलाइन संबोधित करते हुए पीएम मोदी इस घटना पर भावुक हो गए। उन्होंने कहा—
“मेरी मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। वो इस दुनिया में भी नहीं हैं। फिर भी कांग्रेस-RJD के मंच से उन्हें गाली दी गई। यह पीड़ा सिर्फ मेरे दिल में नहीं, बल्कि बिहार के हर नागरिक के दिल में है।”

उन्हें सुनकर बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल भी रो पड़े थे।०