बिट्टू बजरंगी हाउस अरेस्ट: नूंह जलाभिषेक यात्रा में जाने से रोका, बोले- मेरे साथ आतंकियों जैसा व्यवहार
फरीदाबाद में बिट्टू बजरंगी को नूंह जलाभिषेक यात्रा में जाने से पहले हाउस अरेस्ट किया गया। उन्होंने पूजा के अधिकार और पुलिस के व्यवहार को लेकर सवाल उठाए।
➤ नूंह जलाभिषेक यात्रा में शामिल होने से पहले बिट्टू बजरंगी को पुलिस ने घर पर रोका
➤ देर रात से घर के बाहर पुलिस बल तैनात, यात्रा में जाने की अनुमति नहीं मिली
➤ बिट्टू बजरंगी ने कहा- मुझे पूजा का अधिकार है, मेरे साथ आतंकियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है
फरीदाबाद में नूंह हिंसा के आरोपी राजकुमार पांचाल उर्फ बिट्टू बजरंगी को सोमवार को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। वह नूंह स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए जाने वाले थे, लेकिन जिला प्रशासन ने उन्हें यात्रा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी। इसके चलते देर रात से ही पुलिस की एक टीम उनके घर के बाहर तैनात कर दी गई और उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया।
2023 की नूंह हिंसा के बाद प्रशासन अलर्ट
गौरतलब है कि 31 जुलाई 2023 को नूंह के नल्हड़ महादेव मंदिर में आयोजित जलाभिषेक यात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसा भड़क गई थी। उस दौरान पथराव, आगजनी और फायरिंग की घटनाएं हुई थीं। इस हिंसा में 6 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 2 होमगार्ड भी शामिल थे। मामले से जुड़े 100 से अधिक केस दर्ज किए गए थे और 595 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
बिट्टू बजरंगी बोले- मुझे भी पूजा करने का अधिकार है
हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद बिट्टू बजरंगी ने कहा कि इस देश में हर व्यक्ति को कहीं भी जाकर पूजा करने का अधिकार है, लेकिन प्रशासन केवल उन्हें ही रोकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है, जैसे वह कोई आतंकवादी हों। उनका कहना था कि रात करीब 11 बजे से ही पुलिस उनके घर पहुंच गई थी और तब से उन्हें बाहर नहीं निकलने दिया गया।
कांग्रेस विधायक मामन खान पर भी साधा निशाना
बिट्टू बजरंगी ने फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मामन खान का भी नाम लेते हुए कहा कि वह आज भी नूंह में मौजूद हैं, लेकिन उन्हें किसी तरह की रोक का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने दावा किया कि उन्हें हर बार नूंह जाने से रोका जाता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि ऐसे हालात रहे तो भविष्य में देश के कुछ हिस्सों में गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।
Akhil Mahajan