यशवीर का कमाल... कॉमनवेल्थ में जीता ब्रॉन्ज, रोहतक में भव्य स्वागत,अब ओलिंपिक गोल्ड पर नजर

रोहतक के यशवीर सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स में 85.47 मीटर भाला फेंककर ब्रॉन्ज मेडल जीता। नीरज चोपड़ा से सिर्फ 0.36 मीटर पीछे रहे और अब ओलिंपिक गोल्ड का लक्ष्य रखा है।

यशवीर का कमाल... कॉमनवेल्थ में जीता ब्रॉन्ज, रोहतक में भव्य स्वागत,अब ओलिंपिक गोल्ड पर नजर

रोहतक के यशवीर सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स में जैवलिन थ्रो का ब्रॉन्ज मेडल जीता

85.47 मीटर भाला फेंककर नीरज चोपड़ा से सिर्फ 0.36 मीटर पीछे रहे

स्वागत समारोह में ओलिंपिक और वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने का संकल्प दोहराया


कॉमनवेल्थ गेम्स में जैवलिन थ्रो स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले रोहतक जिले के देवसर गांव निवासी यशवीर सिंह का सोमवार को भव्य स्वागत किया गया। बजरंग भवन फाटक के पास आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका और अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर तथा नोटों की माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान उनके उज्ज्वल भविष्य और ओलिंपिक में देश के लिए पदक जीतने की शुभकामनाएं दी गईं।

यशवीर सिंह ने कहा कि अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में पदक जीतना उनके लिए गर्व और खुशी का पल है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान कुछ छोटी गलतियां हुईं, जिनमें सुधार कर भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिस तरह की तैयारी उन्होंने प्रतियोगिता से पहले की थी, उसके अनुसार पदक मिलने का भरोसा था। हालांकि उनका मानना है कि पदक का रंग बदल सकता था। नीरज चोपड़ा से बेहद मामूली अंतर के कारण उन्हें तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। अब उन्हीं कमियों को दूर कर अगले टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने की तैयारी की जाएगी।

यशवीर ने बताया कि ग्लासगो में प्रतियोगिता के दौरान मौसम काफी ठंडा था और तेज हवाएं चल रही थीं। इन परिस्थितियों का प्रदर्शन पर असर पड़ा और वह अपने तय लक्ष्य तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने कहा कि आगे और अधिक मेहनत करेंगे, ताकि अगली बार देश के लिए ब्रॉन्ज नहीं बल्कि गोल्ड मेडल जीत सकें।

उन्होंने कहा कि अगले वर्ष होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी अभी से शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ ही 2028 ओलिंपिक को भी लक्ष्य बनाकर लगातार मेहनत की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा के खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपना दबदबा बनाए रखेंगे।

कॉमनवेल्थ गेम्स की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में यशवीर सिंह ने 85.47 मीटर दूर भाला फेंककर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। वहीं नीरज चोपड़ा ने 85.83 मीटर का थ्रो कर रजत पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों के बीच महज 0.36 मीटर का अंतर रहा, जिसके चलते यशवीर स्वर्ण या रजत पदक से चूक गए।