फरीदाबाद में किशोरी घरेलू सहायिका की संदिग्ध मौ*त
फरीदाबाद के सेक्टर-14 में 15 वर्षीय घरेलू सहायिका का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
- फरीदाबाद के सेक्टर-14 में 15 वर्षीय घरेलू सहायिका का शव फंदे से लटका मिला
- दो महीने पहले काम पर लगी थी किशोरी, भाई छोड़कर गया था घर
- पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी, मौत के कारणों का इंतजार
फरीदाबाद के सेक्टर-14 स्थित एक मकान में 15 वर्षीय घरेलू सहायिका का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
मृतका की पहचान महिमा के रूप में हुई है। उसकी मां कुसुमलता, जो मूल रूप से हरदोई (उत्तर प्रदेश) की रहने वाली हैं, ने बताया कि परिवार बीपीटीपी पुल के पास रहता है। वह लंबे समय से सेक्टर-14 में घरों में काम करती हैं।
उन्होंने बताया कि करीब दो महीने पहले महिमा ने सेक्टर-14 के मकान नंबर-29 में घरेलू सहायिका के रूप में काम शुरू किया था। वह 24 घंटे उसी मकान में रहती थी और उसके रहने के लिए तीसरी मंजिल पर एक कमरा दिया गया था।
पुलिस के अनुसार यह मकान कपड़ा कारोबारी राजीव जैन का है। घटना के समय वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद नहीं थे। रविवार को महिमा अपने घर गई थी और शाम करीब 4 बजे उसका भाई उसे बाइक से वापस मकान के बाहर छोड़कर गया था।
परिजनों के अनुसार करीब साढ़े 5 बजे फोन आया कि महिमा की मौत हो गई है। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो किशोरी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवाया।
मृतका की मां ने बताया कि परिवार महिमा की शादी की तैयारी कर रहा था। उसकी सगाई भी हो चुकी थी। अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है।
सेक्टर-14 पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी मोहम्मद जमशेद ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
pooja