बीजेपी स्थापना दिवस पर घर-घर पहुंचेगी, अंबेडकर जयंती पर सफाई और समरसता का संदेश देगी BJP
रोहतक में बीजेपी की बैठक में स्थापना दिवस, अंबेडकर जयंती और गांव-गांव अभियान की रणनीति तय हुई। राहुल गांधी के वीडियो पर भी सियासी बयानबाजी तेज हुई।
■ बीजेपी स्थापना दिवस पर बूथ स्तर तक पहुंचेगी, बड़ा अभियान शुरू
■ अंबेडकर जयंती पर सफाई और समरसता का संदेश
■ राहुल गांधी के वायरल वीडियो पर BJP का तीखा हमला
रोहतक में भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस को लेकर एक अहम संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सतीश पूनिया, मोहनलाल बडौली, कृष्ण बेदी सहित प्रदेश के सभी 27 जिलों के अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की रणनीति बनाना और उन्हें बूथ स्तर तक प्रभावी तरीके से लागू करना रहा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्थापना दिवस के मौके पर कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी का झंडा फहराएंगे और लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ेंगे। इसके साथ ही डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को विशेष रूप से मनाने का फैसला लिया गया। जहां-जहां उनकी प्रतिमाएं हैं, वहां सफाई अभियान चलाकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रमों की रूपरेखा के तहत 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक “गांव चलो-बस्ती चलो” अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के जरिए सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा। वहीं 13 अप्रैल को “दीप उत्सव” और 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके बाद 15 से 20 अप्रैल तक बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में प्रशिक्षण शिविरों की समीक्षा भी की गई। बताया गया कि अब तक 354 प्रशिक्षण मंडलों में शिविर पूरे हो चुके हैं, जबकि बाकी मंडलों में 36 घंटे के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी जिलों में यह कार्यक्रम 15 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच पूरे होंगे।
प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने पेट्रोल और गैस की कीमतों पर कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत की स्थिति मजबूत है और जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सराहना की।
हवाई यात्रा के महंगे होने पर उन्होंने कहा कि यह वैश्विक हालातों का असर है और स्थिति जल्द सामान्य हो जाएगी। वहीं 1 अप्रैल से गेहूं खरीद को लेकर उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और किसानों को कोई परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट अनिवार्य करने को जरूरी बताते हुए कहा कि इससे कालाबाजारी पर रोक लगेगी और बाहरी राज्यों से अवैध फसल की आवक को नियंत्रित किया जा सकेगा।
इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक रैली के दौरान ‘वंदे मातरम’ को लेकर बातचीत दिखाई दे रही है। इस पर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।
इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए मोहनलाल बडौली ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह वीडियो उनकी सोच और विचारधारा को दर्शाता है और आरोप लगाया कि वे देश की भावनाओं का सम्मान नहीं करते। बडौली ने इसे “बचकानी हरकत” बताते हुए कहा कि ऐसे रवैये के कारण कांग्रेस की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।
Akhil Mahajan