बर्थडे बॉय ने 3 दोस्तों को मार डाला:चेहरे पर केक लगाने पर भड़का
बर्थडे पार्टी के दौरान विवाद के बाद फायरिंग में तीन युवकों की मौत हो गई। इलाके में तनाव, पुलिस जांच जारी।
■ बर्थडे पार्टी में मामूली विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग
■ तीन युवकों की मौत, परिवार में मचा कोहराम
■ इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल और फ्लैग मार्च
एक जन्मदिन की पार्टी अचानक खौफनाक हत्याकांड में बदल गई। देर रात जिम में चल रही बर्थडे पार्टी के दौरान मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्टी के दौरान एक युवक ने बर्थडे बॉय के चेहरे पर केक लगा दिया, जिससे वह भड़क गया। पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
इस घटना में मनीष सैनी (30), आकाश सैनी (19) और अमरदीप सैनी (32) की मौत हो गई। तीनों आपस में रिश्तेदार थे और एक ही परिवार से जुड़े हुए थे। मनीष, स्थानीय भाजपा सभासद के भाई थे, जबकि आकाश उनका भतीजा और अमरदीप चचेरे भाई का बेटा था। घटना के बाद जब एक साथ तीनों की अर्थियां उठीं, तो पूरे इलाके की आंखें नम हो गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद परिजनों का गुस्सा और दर्द साफ दिखाई दिया। मृतक अमरदीप की पत्नी ने हाथ जोड़कर न्याय की मांग की और कहा कि यह सब सोची-समझी साजिश के तहत हुआ है। वहीं, बहन ने आक्रोश में कहा कि उन्हें खून के बदले खून चाहिए। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा क्षेत्र की यह घटना है।
इलाके में तनाव, 10 थानों की पुलिस तैनात
वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। करीब 10 थानों की पुलिस, पीएसी की कंपनियां और अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने एहतियात के तौर पर बाजार बंद करा दिए हैं और जगह-जगह बैरिकेडिंग कर निगरानी बढ़ा दी गई है। पूरे क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया जा रहा है ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।
10 नामजद, कई हिरासत में… SIT जांच शुरू
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी जीतू सैनी और मयंक सैनी समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी गठित की गई है और कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।
pooja 