कनाडा ने भारत की लॉरेंस गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित किया
कनाडा सरकार ने भारत में सक्रिय लॉरेंस गैंग को आतंकी संगठन घोषित किया। गैंग की संपत्ति जब्त, लेन-देन प्रतिबंधित और कनाडा में प्रवेश पर रोक।
➤ कनाडा सरकार ने भारत की लॉरेंस गैंग को आतंकी संगठन घोषित किया
➤ गैंग की संपत्ति, वाहन और धन को जब्त करने का अधिकार मिला
➤ कनाडा में प्रवेश और वित्तीय लेन-देन पर सख्त पाबंदी लागू
कनाडा। कनाडा सरकार ने भारत में सक्रिय लॉरेंस गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। गैंग न केवल भारत में बल्कि कनाडा में भी अपराध करता रहा है। पब्लिक सिक्योरिटी मिनिस्टर गैरी आनंदसंगरी ने कहा कि किसी समुदाय को डराने वाले हिंसा और आतंक के लिए कनाडा में कोई स्थान नहीं है। इस फैसले के तहत गैंग की कनाडा में मौजूद संपत्ति, वाहन और धन जब्त या फ्रीज किए जा सकते हैं।
अब अगर कोई व्यक्ति सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से लॉरेंस गैंग को संपत्ति देता है, या उससे लेन-देन करता है तो यह कनाडा में अपराध माना जाएगा। साथ ही, गैंग से जुड़े लोगों की कनाडा में एंट्री मुश्किल होगी।
कनाडा सरकार के अनुसार, लॉरेंस गैंग एक इंटरनेशनल क्रिमिनल संगठन है। यह हत्या, गोलीबारी, आगजनी, धमकी और जबरन वसूली जैसी हिंसक गतिविधियों में शामिल है और समुदायों में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा करता है।
इससे पहले 11 अगस्त को कनाडा की कंजरवेटिव पार्टी के फ्रैंक कैपुटो ने सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री को पत्र लिखकर गैंग को आतंकी संगठन घोषित करने की मांग की थी। इसके बाद ब्रिटिश कोलंबिया, अल्बर्टा और कुछ शहरों के नेताओं ने भी समर्थन किया। इस दबाव और सिफारिशों के बाद कनाडा सरकार ने लॉरेंस गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित किया।
Akhil Mahajan