CBSE 12वीं का रिजल्ट जारी, 85.20% छात्र हुए पास
CBSE ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार 85.20% छात्र पास हुए हैं। छात्र वेबसाइट, DigiLocker और UMANG ऐप पर रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
CBSE ने 12वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी किया
इस बार 85.20% छात्र-छात्राएं पास हुए
छात्र DigiLocker, UMANG और वेबसाइट पर रिजल्ट चेक कर सकते हैं
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE ने बुधवार को कक्षा 12वीं का रिजल्ट 2026 आधिकारिक रूप से जारी कर दिया। लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों का इंतजार अब खत्म हो गया है।
इस बार 12वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 85.20% छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। हालांकि पिछले साल की तुलना में पास प्रतिशत में करीब 3% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है।
छात्र अब अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in, cbseresults.nic.in, DigiLocker और UMANG App के जरिए चेक और डाउनलोड कर सकते हैं। रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को अपना रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी दर्ज करनी होगी।
सीबीएसई के अनुसार इस साल 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। परीक्षा एक ही शिफ्ट में सुबह 10:30 बजे से हुई थी। देशभर में हजारों परीक्षा केंद्रों पर लाखों विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी।
बोर्ड ने इस बार भी टॉपर लिस्ट जारी नहीं की है। CBSE लगातार छात्रों पर अनावश्यक दबाव कम करने के उद्देश्य से आधिकारिक टॉपर सूची जारी नहीं करता। हालांकि कई स्कूल अपने स्तर पर टॉप छात्रों की जानकारी साझा कर सकते हैं।
बोर्ड के नियमों के अनुसार 12वीं कक्षा में पास होने के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 33% अंक जरूरी हैं। ग्रेडिंग सिस्टम में A से D तक पास माना जाता है, जबकि E ग्रेड आने पर छात्र को फेल माना जाता है।
अगर किसी छात्र को किसी विषय में आवश्यक अंक नहीं मिलते हैं, तो उसे कम्पार्टमेंट परीक्षा देनी पड़ सकती है। बोर्ड जल्द ही कम्पार्टमेंट परीक्षा का शेड्यूल भी जारी कर सकता है।
रिजल्ट जारी होने के बाद वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक बढ़ने की संभावना है। ऐसे में छात्र DigiLocker और UMANG जैसे वैकल्पिक प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
pooja