मिंजर मेला देखकर लौट रहे दो युवकों की बाइक साल खड्ड में गिरी, एक लापता
चंबा में मिंजर मेला देखकर लौट रहे दो युवकों की बाइक साल खड्ड में गिर गई। एक युवक को बचा लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश में पुलिस और स्थानीय टीमें जुटी हैं।
मिंजर मेला देखकर लौट रहे दो युवकों की बाइक साल खड्ड में गिरी
एक युवक को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचाया, बाइक चालक अब भी लापता
पुलिस ने मामला दर्ज कर साल खड्ड में सर्च ऑपरेशन शुरू किया
चंबा में अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला देखकर लौट रहे दो युवकों की बाइक रविवार देर रात हादसे का शिकार हो गई। बालू-साहो मार्ग पर पक्काटाला स्थित काली माता मंदिर के समीप बाइक अनियंत्रित होकर साल खड्ड में जा गिरी। हादसे में एक युवक को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि बाइक चला रहा युवक अब भी लापता है।
पुलिस के अनुसार हादसा रविवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को खड्ड से सुरक्षित निकाल लिया गया।
शिकायतकर्ता तरुण कुमार निवासी बघेईगढ़ ने पुलिस को बताया कि बचाए गए युवक की पहचान शुभम, पुत्र अनिल कुमार, निवासी सरू के रूप में हुई है। शुभम ने बताया कि वह अपने मित्र सक्षम के साथ मोटरसाइकिल (HP-48B-0920) पर साहो से बालू की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और मोटरसाइकिल सीधे साल खड्ड में जा गिरी।
हादसे के बाद शुभम को तो सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन सक्षम और मोटरसाइकिल का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लापता युवक की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और स्थानीय बचाव दल देर रात से सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। खड्ड में लापता युवक की तलाश लगातार जारी है।
pooja