सीएम सैनी ने पंजाब चुनाव का किया श्रीगणेश, पटियाला रैली से आप सरकार पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब दौरे से चुनावी आगाज किया। पटियाला की रैली में उन्होंने पंजाब सरकार पर झूठे वादों, MSP और पेंशन को लेकर तीखा हमला बोला।
➤ सीएम सैनी ने पंजाब चुनाव का श्रीगणेश किया
➤ पटियाला की रैली से आप सरकार पर सीधा हमला
➤ हरियाणा मॉडल बनाम पंजाब सरकार का नैरेटिव
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब दौरे के साथ ही पंजाब विधानसभा चुनाव की सियासी जमीन तैयार करनी शुरू कर दी है। पटियाला के घन्नौर में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने जहां एक ओर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं, वहीं दूसरी ओर पंजाब की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोला।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में झूठे वादों के सहारे सरकार बनाई गई, लेकिन जनता से किए गए वादे आज तक पूरे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 1000 रुपए प्रतिमाह देने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक वह वादा कागजों से बाहर नहीं आ सका।
मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पेंशन को 1500 से बढ़ाकर 2500 रुपए करने की घोषणा भी केवल चुनावी जुमला साबित हुई। पंजाब में बुजुर्ग आज भी अपने हक के लिए भटक रहे हैं।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पंजाब में किसानों की फसलों को MSP पर नहीं खरीदा जा रहा, जिससे किसान आर्थिक संकट में हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पंजाब के लोगों तक नहीं पहुंचाया जा रहा, जबकि केंद्र की मंशा हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में सरकार और केंद्र मिलकर काम कर रही हैं, जिससे योजनाएं सीधे जनता तक पहुंच रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत माता-बहनों को 2100 रुपए प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। उन्होंने इसे नारी सशक्तिकरण का मजबूत उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार हर वर्ग के लिए समान रूप से काम कर रही है, चाहे वह किसान हो, मजदूर हो, महिला हो या बुजुर्ग।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस राज्य स्तर पर मनाया गया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु तेग बहादुर जी के नाम से डाक टिकट, स्मारक सिक्का और कॉफी टेबल बुक का विमोचन कर पूरे देश को गौरव का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के इलाज की चिंता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा सरकार दोनों कर रही हैं, ताकि बुजुर्गों को स्वास्थ्य के लिए किसी पर निर्भर न रहना पड़े।
Akhil Mahajan