हरियाणा में ‘कॉकरोच JP’ की एंट्री, ‘मैं भी हूं कॉकरोच’ बैनर के साथ प्रदर्शन

हरियाणा में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला और सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है।

हरियाणा में ‘कॉकरोच JP’ की एंट्री, ‘मैं भी हूं कॉकरोच’ बैनर के साथ प्रदर्शन

हरियाणा में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर सियासत गर्म

इनेलो विधायक बोले- मैं कॉकरोचों का पहला विधायक

दीपेंद्र हुड्डा ने ‘कॉकरोचबंदी’ बताकर BJP पर साधा निशाना


देशभर में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अभियान अब हरियाणा की राजनीति में भी एंट्री कर चुका है। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ यह डिजिटल मूवमेंट अब राजनीतिक बयानबाजी और विरोध प्रदर्शनों तक पहुंच गया है।

रोहतक में कई मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इसमें प्रदर्शनकारियों के हाथों में ‘मैं भी हूं कॉकरोच' के बैनर थे।

हरियाणा में इस मुद्दे को सबसे ज्यादा हवा तब मिली, जब इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने सोशल मीडिया लाइव में खुद को “कॉकरोचों का पहला विधायक” बता दिया। उन्होंने कहा कि वह उसी युवा पीढ़ी से आते हैं, जिसे बेरोजगार, आलसी और “कॉकरोच” जैसे शब्दों से संबोधित किया गया।

अर्जुन चौटाला ने कहा कि जिन युवाओं को “पैरासाइट” और “आलसी” कहा जा रहा है, उन्हीं युवाओं से देश सेवा, सेना में भर्ती और जागरूक नागरिक बनने की उम्मीद भी की जाती है। उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन युवाओं के अंदर बढ़ रहे गुस्से और निराशा की आवाज बन चुका है।

वहीं, रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भी इस मुद्दे पर सोशल मीडिया के जरिए BJP पर हमला बोला। उन्होंने लिखा कि “नोटबंदी और वोटबंदी के बाद अब BJP ‘कॉकरोचबंदी’ लेकर आई है।” दीपेंद्र ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के सोशल मीडिया अकाउंट बंद किए जाने को लोकतंत्र के खिलाफ बताया।

कॉकरोच जनता पार्टी को अभिजीत दीपके ने बनाया है। इसका नारा है- ‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी।’

रोहतक में शुक्रवार को विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शनकारियों के हाथों में “मैं भी हूं कॉकरोच” लिखी तख्तियां और बैनर नजर आए। कई युवाओं ने NEET पेपर लीक, बेरोजगारी और भर्ती घोटालों को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।

इस पूरे विवाद की शुरुआत 15 मई 2026 को हुई, जब सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने कुछ युवाओं को “कॉकरोच की तरह भटकते” बताया था। हालांकि बाद में विवाद बढ़ने पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया।

इसके अगले ही दिन सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से एक व्यंगात्मक डिजिटल कैंपेन शुरू हुआ। इस कैंपेन को महाराष्ट्र के डिजिटल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट अभिजीत दीपके ने शुरू किया। पार्टी का नारा है- “Secular, Socialist, Democratic, Lazy.”

दिलचस्प बात यह है कि महज कुछ दिनों में इस अभियान ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर ली। इंस्टाग्राम और X पर लाखों युवा इससे जुड़ चुके हैं। सोशल मीडिया पर “मैं भी कॉकरोच” ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है।

हरियाणा में इस मुद्दे की चर्चा इसलिए भी ज्यादा हो रही है क्योंकि CJI सूर्यकांत खुद हरियाणा के हिसार जिले से संबंध रखते हैं। वहीं प्रदेश में बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक जैसे मुद्दे पहले से ही युवाओं के बीच बड़ा विषय बने हुए हैं।