दीवान हॉस्पिटल अंसल के विशाल मेडिकल कैंप में उमड़ी भीड़, मरीजों ने उठाया निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
पानीपत में दीवान हॉस्पिटल अंसल और देव मंदिर सेवा न्यास द्वारा आयोजित निशुल्क मेडिकल कैंप में 197 मरीजों ने स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया।
➤ निशुल्क मेडिकल कैंप में 197 मरीजों ने कराई स्वास्थ्य जांच
➤ आंखों की एलर्जी, विटामिन-डी और कैल्शियम की कमी के सबसे ज्यादा मामले आए सामने
➤ विशेषज्ञ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जागरूकता और नियमित जांच का दिया संदेश
पानीपत। गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में दीवान हॉस्पिटल अंसल ने एक सराहनीय पहल करते हुए देव मंदिर सेवा न्यास संस्था के सहयोग से एल्डिको क्लब में विशाल निशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया। शिविर में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली और कुल 197 मरीजों ने विभिन्न स्वास्थ्य जांचों और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा के शिक्षा मंत्री के भाई हरपाल ढांडा द्वारा किया गया। इसके बाद पूरे दिन मरीजों की जांच, परामर्श और स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां जारी रहीं। शिविर में विभिन्न रोगों से संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टरों ने लोगों की जांच कर उन्हें आवश्यक सलाह और उपचार संबंधी जानकारी प्रदान की।
कैंप के दौरान सबसे अधिक मरीज आंखों की समस्याओं को लेकर पहुंचे। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कृतिका ने बताया कि बढ़ती गर्मी और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोगों में ड्राई आई, आंखों में जलन, खुजली और एलर्जी जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। मरीजों की विस्तृत जांच के बाद उन्हें आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। साथ ही दीवान हॉस्पिटल अंसल की ओर से एक सप्ताह तक निशुल्क नेत्र परामर्श सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई।
स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में ऐसे मरीज भी सामने आए जिनमें विटामिन-डी और कैल्शियम की कमी पाई गई। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अर्पित गोयल ने बताया कि आधुनिक जीवनशैली, घरों और कार्यालयों में अधिक समय बिताने तथा धूप के सीमित संपर्क के कारण लोगों में विटामिन-डी3 की कमी तेजी से बढ़ रही है। इससे हड्डियों, जोड़ों और मांसपेशियों से जुड़ी समस्याएं बढ़ रही हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए कैंप में विशेष रूप से बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) जांच की व्यवस्था की गई। इस जांच के माध्यम से लोगों को अपनी हड्डियों की स्थिति और भविष्य में संभावित समस्याओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
कैंप में डॉ. अर्पित गोयल, डॉ. नितीश गर्ग और डॉ. ललित गर्ग की टीम ने मरीजों के ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी, पीएफटी और बीएमडी टेस्ट निशुल्क किए। जांच के दौरान कई लोगों में शुरुआती स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान हुई, जिससे उन्हें समय रहते उचित उपचार और चिकित्सकीय सलाह मिल सकी।
वहीं दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. कोमल ने लोगों के दांतों की जांच कर उन्हें ओरल हेल्थ, दांतों की सफाई और दंत रोगों से बचाव के बारे में जागरूक किया। विशेषज्ञों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह भी दी।
दीवान हॉस्पिटल अंसल की टीम ने केवल स्वास्थ्य जांच तक ही अपनी भूमिका सीमित नहीं रखी, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय पर उपचार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
देव मंदिर सेवा न्यास संस्था के प्रधान अनिल गोयल ने बताया कि संस्था भविष्य में भी दीवान हॉस्पिटल अंसल के सहयोग से ऐसे निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करती रहेगी ताकि जरूरतमंद लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।
इस अवसर पर दीवान हॉस्पिटल अंसल के डॉक्टर, चिकित्सा स्टाफ, संस्था के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Akhil Mahajan