दिल्ली के पालम में भीषण आग, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत 5 मंजिला इमारत में आग से हड़कंप
दिल्ली के पालम में 5 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं। प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।
■ दिल्ली के पालम में 5 मंजिला इमारत में भीषण आग, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत
■ मृतकों में 3 मासूम बच्चे भी शामिल, कई लोग घायल
■ CM ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए, राहत-बचाव अभियान चला
दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां एक 5 मंजिला रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के 9 लोगों की जिंदगी छीन ली। मरने वालों में तीन छोटे बच्चे भी शामिल हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कई लोग अंदर ही फंस गए।
बताया जा रहा है कि यह इमारत नीचे से व्यावसायिक और ऊपर से रिहायशी थी, जहां परिवार रहता था। आग लगने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
हादसे के दौरान कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगा दी, जिससे वे घायल हो गए। कम से कम तीन लोगों के घायल होने की खबर है, जिनमें दो लोग कूदने के कारण जख्मी हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ-साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब 30 फायर टेंडर मौके पर लगाए गए, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच कर रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी त्रासदी कैसे हुई।घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के इतने लोगों की मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग इतनी भयानक थी कि कोई भी अंदर फंसे लोगों को बचा नहीं सका।
shubham 