स्वामी चैतन्यानंद आगरा से गिरफ्तार, दिल्ली कॉलेज की 17 छात्राओं ने लगाया यौन शोषण का आरोप
दिल्ली के श्री शारदा इंस्टिट्यूट से जुड़े स्वयंभू स्वामी चैतन्यानंद उर्फ पार्थ सारथी को आगरा के होटल से गिरफ्तार कर लिया गया। उन पर 17 छात्राओं द्वारा यौन शोषण, धोखाधड़ी और ब्लैकमेल के गंभीर आरोप हैं; छात्राओं ने हॉस्टल और बाथरूम के पास लगे CCTV के दुरुपयोग और शैक्षिक दस्तावेज़ न लौटाने की भी बात कही है
➤ आगरा होटल से गिरफ्तार हुआ स्वामी चैतन्यानंद
➤ 17 छात्राओं ने लगाए यौन शोषण और ब्लैकमेल के आरोप
➤ हॉस्टल और बाथरूम के पास तक लगे CCTV कैमरे
दिल्ली पुलिस ने आखिरकार दक्षिणी दिल्ली स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट से जुड़े स्वयंभू बाबा स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस ने रविवार तड़के करीब 3.30 बजे आगरा के ताजगंज इलाके के होटल फर्स्ट से दबोचा। वह होटल के कमरे नंबर 101 में छिपा बैठा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे सीधे वसंतकुंज थाने लेकर आई।
इस मामले में संस्थान की 17 छात्राओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी बाबा ने उन्हें बार-बार यौन शोषण का शिकार बनाया। आरोप है कि वह नंबर काटने और प्लेसमेंट खराब करने की धमकी देकर लड़कियों को ब्लैकमेल करता था। देर रात छात्राओं को अपने कमरे में बुलाना, उन्हें गुमराह कर अंतरराष्ट्रीय पहचान और अच्छी नौकरी का झांसा देना, उसका पुराना तरीका था।
छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल में सुरक्षा के नाम पर उसने कमरों और बाथरूम के पास तक CCTV कैमरे लगवाए और उनकी लाइव फीड अपने मोबाइल पर देखता था। रात में वह लड़कियों को व्हाट्सऐप पर “बेबी आई लव यू” जैसे मैसेज भेजता था। यहां तक कि एक छात्रा से उसने निजी संबंधों और कंडोम के इस्तेमाल पर तक सवाल किए।
कई छात्राओं ने बताया कि होली के मौके पर उन्हें लाइन में खड़ा कर स्वामी को प्रणाम करने के लिए मजबूर किया गया और उसने उनके गाल व बालों पर रंग लगाया। वहीं, दूसरी छात्राओं का कहना है कि मूल शैक्षिक दस्तावेज़, जो संस्थान में जमा थे, उन्हें अब तक वापस नहीं दिए गए।
एक छात्रा को बॉयफ्रेंड होने पर उसने चरित्रहीन कहा, जबकि दूसरी को उसके दफ्तर से फटे कपड़ों में रोते हुए भागते देखा गया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद अब मामले की गहराई से जांच की जाएगी, क्योंकि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी रोज़-रोज़ रूप बदलकर फरारी काट रहा था और एक फर्जी UN नंबर प्लेट वाली वोल्वो कार में घूमता था।
Akhil Mahajan