दिल्ली-शिमला विमान की लैंडिंग फेल, अटकी यात्रियों की सांसें

दिल्ली से शिमला पहुंचा एलायंस एयर का विमान कम दृश्यता के कारण जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका और वापस दिल्ली लौट गया।

दिल्ली-शिमला विमान की लैंडिंग फेल, अटकी यात्रियों की सांसें

➤ कम दृश्यता के कारण शिमला एयरपोर्ट पर नहीं उतर सका विमान

➤ दिल्ली से पहुंचे सिर्फ छह यात्री, फ्लाइट वापस लौटी

➤ सात महीने बाद शुरू हुई सेवा पहले दिन ही मौसम की भेंट चढ़ी


दिल्ली-शिमला हवाई सेवा सात महीने बाद रविवार से दोबारा शुरू हुई, लेकिन पहले ही दिन खराब मौसम ने संचालन पर ब्रेक लगा दिया। एलायंस एयर का विमान रविवार सुबह दिल्ली से उड़ान भरकर शिमला पहुंचा, लेकिन कम दृश्यता के कारण जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग नहीं हो सकी। इसके बाद विमान को वापस दिल्ली लौटना पड़ा।

जानकारी के अनुसार विमान सुबह 7:20 बजे दिल्ली से रवाना हुआ था और करीब 8:35 बजे शिमला पहुंचा। विमान में कुल छह यात्री सवार थे। हालांकि एयरपोर्ट के आसपास घना कोहरा और बादलों की वजह से दृश्यता बेहद कम रही, जिसके चलते पायलट को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी।

वहीं शिमला से सुबह 11:30 बजे दिल्ली के लिए निर्धारित उड़ान भी प्रभावित रही। इस फ्लाइट में चार यात्रियों ने बुकिंग करवाई थी। मौसम अनुकूल न होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बताया गया है कि शिमला एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए न्यूनतम 5000 मीटर दृश्यता जरूरी होती है। रविवार सुबह एयरपोर्ट पर दृश्यता करीब 4000 मीटर दर्ज की गई। यहां उड़ानों का संचालन विजुअल फ्लाइट रूल्स (VFR) के तहत किया जाता है, जो पूरी तरह मौसम और साफ दृश्यता पर निर्भर करता है। ऐसे में बादल, धुंध या खराब मौसम होने पर विमान की लैंडिंग जोखिम भरी मानी जाती है।

गौरतलब है कि लंबे अंतराल के बाद रविवार से दिल्ली-शिमला और शिमला-दिल्ली रूट पर नियमित हवाई सेवाएं बहाल की गई थीं। मंगलवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी सभी दिनों में उड़ानों का संचालन प्रस्तावित है। हालांकि इस बार यात्रियों को बढ़े हुए किराये का सामना भी करना पड़ेगा। जानकारी के अनुसार किराये में 65 से 96 फीसदी तक बढ़ोतरी की गई है।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण शिमला एयरपोर्ट के निदेशक सतीश कुमार ने बताया कि कम दृश्यता के कारण विमान की सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर वीएफआर नियम लागू हैं और निर्धारित मानकों से कम दृश्यता होने पर उड़ान संचालन प्रभावित होता है। सोमवार को मौसम साफ रहने की स्थिति में ही उड़ान सेवाएं सामान्य हो पाएंगी।