पिता बोले- दिव्यांका का काम ही उसकी सबसे बड़ी परेशानी बन गया था
हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही की मौत के बाद पिता ने कहा कि काम ही उनकी परेशानी बन गया था। गाजियाबाद में शोक सभा में कई लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
■ पिता बोले- दिव्यांका का काम ही उसकी सबसे बड़ी परेशानी बन गया था
■ मौत से पहले तबीयत खराब होने की बात कही, भाई ने एक रोटी खिलाई थी
■ गाजियाबाद में शोक सभा, इनेलो नेता कर्ण चौटाला पहुंचे श्रद्धांजलि देने
हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही के निधन के बाद शुक्रवार को गाजियाबाद स्थित उनके घर पर शोक सभा आयोजित की गई। परिवार, रिश्तेदारों और करीबी लोगों का लगातार घर पहुंचना जारी रहा। दिव्यांका की अचानक मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
दिव्यांका के पिता गजेंद्र सिंह ने बेटी की मौत के बाद भावुक होकर कहा कि उसका काम ही उसकी सबसे बड़ी परेशानी बन गया था। उन्होंने बताया कि दिव्यांका लंबे समय से हरियाणवी गानों और फिल्मों में काम कर रही थी, लेकिन पिछले कुछ समय से वह मानसिक और आर्थिक परेशानियों से जूझ रही थी।
परिवार के अनुसार, 21 अप्रैल की दोपहर दिव्यांका ने घरवालों से कहा था कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है। उसने खाना खाने से भी मना कर दिया था। बाद में भाई हिमांशु के कहने पर उसने एक रोटी खाई थी।
दिव्यांका की मौत के बाद गाजियाबाद में आयोजित शोक सभा में इनेलो नेता कर्ण सिंह चौटाला भी पहुंचे। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। इस दौरान परिवार के सदस्य बेहद भावुक नजर आए।
दिव्यांका ने हरियाणवी इंडस्ट्री में अपने करियर की शुरुआत ‘विलेन’ गाने से की थी। इसके बाद उन्होंने 50 से ज्यादा हरियाणवी गानों में काम किया। सोशल मीडिया पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 1.3 मिलियन फॉलोअर्स थे।
साथी कलाकारों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से दिव्यांका परेशान चल रही थी। उनके कई प्रोजेक्ट्स लगातार डिले हो रहे थे और कुछ गाने उम्मीद के मुताबिक नहीं चले। इससे आर्थिक दिक्कतें भी बढ़ने लगी थीं।
सिंगर बिंदर दनौदा ने बताया कि दिव्यांका का आखिरी शो सिरसा स्थित जेसीडी में हुआ था। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के दौरान ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले एक दोस्त ने भी दिव्यांका की मदद की थी।
दिव्यांका मूल रूप से यूपी के बुलंदशहर जिले के पाली भमरौली गांव की रहने वाली थीं। उनका परिवार इस समय गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की एक सोसायटी में रह रहा है। उनके पिता ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं।
19 नवंबर 1996 को जन्मीं दिव्यांका ने मेरठ स्थित चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से B.Com किया था। इसके बाद उन्होंने सिक्किम से MBA और गुरुग्राम से B.Ed की पढ़ाई की। परिवार में उनके दो भाई और एक बहन हैं।
दिव्यांका को बचपन से एक्टिंग और डांस का शौक था। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि दिवाली पर बनाया गया उनका एक TikTok वीडियो वायरल हो गया था। पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के गाने पर बनाए गए उस वीडियो को करीब 20 मिलियन व्यूज मिले थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी।
परिवार के मुताबिक, मौत वाली रात दिव्यांका अपने कमरे में अकेली थीं। अचानक हार्ट अटैक आने से वह जमीन पर गिर गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर अंदरूनी चोट लगी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अगले दिन परिवार ने बिना पोस्टमॉर्टम के उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
pooja 