कंगना रनौत के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, 'गटरछाप' बयान पर माफी की मांग
मंडी में सांसद कंगना रनौत के कथित 'गटरछाप' बयान के विरोध में युवा कांग्रेस ने रैली निकालकर पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
मंडी में कंगना रनौत के बयान के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
'गटरछाप' टिप्पणी पर सांसद से सार्वजनिक माफी की मांग
युवा कांग्रेस ने चेताया, माफी नहीं तो हर दौरे पर होगा विरोध
हिमाचल प्रदेश के मंडी में मंगलवार को युवा कांग्रेस ने सांसद कंगना रनौत के कथित 'गटरछाप' बयान के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शहर में विरोध रैली निकालने के बाद सांसद का पुतला फूंका और उनके खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान सांसद से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी उठाई गई।
विरोध रैली कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन से शुरू हुई। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरे और नारेबाजी करते हुए सांसद के बयान को प्रदेश के युवाओं का अपमान बताया। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ भी नारे लगाए गए।
प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के सह-प्रभारी ज्योतिष एच.एम. ने किया। उन्होंने कहा कि सांसद द्वारा 'गटरछाप' जैसे शब्दों का इस्तेमाल न केवल युवाओं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों का भी अपमान है। उन्होंने इस भाषा को अभद्र और अनुचित बताते हुए बयान वापस लेने की मांग की।
ज्योतिष एच.एम. ने कहा कि यदि कंगना रनौत अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगती हैं, तो युवा कांग्रेस प्रदेश में उनके हर दौरे पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन और घेराव करेगी।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने भी सांसद पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कंगना के हालिया बयान उनकी जनता से दूरी को दर्शाते हैं। उन्होंने युवाओं के लिए इस्तेमाल की गई भाषा को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश के युवाओं का अपमान किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सांसद अपने बयान पर माफी नहीं मांगतीं, तब तक प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
pooja