बिल पास कराने के नाम पर रिश्वत! PWD का जेई 8 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
ऊना में लोक निर्माण विभाग के जेई को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए विजिलेंस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर बिल पास कराने के बदले 15 हजार रुपये मांगने का आरोप है।
➤ ऊना में लोक निर्माण विभाग (इलेक्ट्रिकल विंग) का जेई विजिलेंस ट्रैप में गिरफ्तार
➤ 1.50 लाख रुपये का बिल पास कराने के बदले मांगी थी 15 हजार रुपये रिश्वत
➤ पहली किस्त के 8 हजार रुपये लेते ही विजिलेंस टीम ने दबोचा
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के इलेक्ट्रिकल विंग में तैनात एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जेई ने एक ठेकेदार का करीब 1.50 लाख रुपये का लंबित बिल पास कराने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस ने ट्रैप लगाकर आरोपी को विभागीय कार्यालय में ही गिरफ्तार कर लिया।
15 हजार की मांग, पहली किस्त में लिए 8 हजार रुपये
जानकारी के अनुसार, एक ठेकेदार ने विजिलेंस के पास शिकायत दर्ज कराई थी कि संबंधित जेई बिल पास करने के लिए रिश्वत मांग रहा है। आरोपी ने पहली किस्त के रूप में 8 हजार रुपये देने को कहा था। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस ने पूरी योजना तैयार की।
रिश्वत लेते ही टीम ने दबोचा
डीएसपी विजिलेंस फिरोज खान के नेतृत्व में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे टीम ने विभागीय कार्यालय में ट्रैप लगाया। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ठेकेदार रिश्वत की रकम लेकर कार्यालय पहुंचा। जैसे ही जेई ने 8 हजार रुपये स्वीकार किए, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई और जांच से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए।
आरोपी के घर भी हुई तलाशी
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी जेई के अंब उपमंडल की लोहारा ग्राम पंचायत स्थित घर पर भी तलाशी ली। हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। फिलहाल आरोपी विजिलेंस की हिरासत में है और उसे बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज
विजिलेंस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब यह भी जांच की जाएगी कि क्या आरोपी पहले भी इस तरह रिश्वतखोरी में शामिल रहा है या नहीं।
Akhil Mahajan