8 करोड़ कर्मचारियों को बड़ी सौगात: ATM और UPI से निकाल सकेंगे PF का पैसा
EPFO 2025 में ‘EPFO 3.0’ लॉन्च करेगा। अब कर्मचारी ATM और UPI से सीधे PF का पैसा निकाल सकेंगे। मोबाइल एप, डिजिटल डैशबोर्ड और तेज़ क्लेम प्रोसेस जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी।
➤ EPFO जल्द लॉन्च करेगा ‘EPFO 3.0’, ATM और UPI से निकासी की सुविधा
➤ मोबाइल एप, डिजिटल डैशबोर्ड और तेज़ क्लेम प्रोसेस से जुड़ेगी नई सेवाएं
➤ नौकरी छूटने पर PF निकासी और टैक्स नियमों में भी मिलेगी स्पष्टता
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) 2025 में अपनी नई डिजिटल सेवा ‘EPFO 3.0’ लॉन्च करने जा रहा है। यह बदलाव देश के 8 करोड़ से ज्यादा कर्मचारियों के लिए फायदेमंद साबित होगा। PM इकोनॉमी एडवाइजरी काउंसिल के सदस्य और अर्थशास्त्री संजीव सान्याल ने इसकी पुष्टि की है।
EPFO 3.0 के जरिए PF निकासी और अन्य सेवाएं और आसान हो जाएंगी। मोबाइल एप, डिजिटल डैशबोर्ड और UPI पेमेंट जैसी सुविधाएं कर्मचारियों के जीवन को सरल बनाएंगी। अब कर्मचारियों को केवल UAN एक्टिवेट करना होगा और आधार को PF खाते से जोड़ना होगा। इसके बाद वे PF का पैसा ATM और UPI दोनों तरीकों से निकाल सकेंगे।
नई सुविधा के तहत EPFO अपने सब्सक्राइबर्स को एक स्पेशल ATM कार्ड जारी करेगा, जो PF अकाउंट से लिंक होगा। इस कार्ड से कर्मचारी किसी भी ATM मशीन से सीधे अपने PF का पैसा निकाल सकेंगे। वहीं, UPI से निकासी के लिए PF अकाउंट को UPI से लिंक करना होगा और इसके जरिए पैसा बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किया जा सकेगा।
PF निकासी के नियम:
-
नौकरी जाने पर कर्मचारी 1 माह बाद PF अकाउंट से 75% पैसा निकाल सकता है। बाकी 25% हिस्सा 2 माह पूरे होने के बाद निकाला जा सकता है।
-
अगर कर्मचारी ने कुल मिलाकर 5 साल की नौकरी पूरी की है, तो PF निकासी पर किसी तरह का इनकम टैक्स नहीं लगेगा। यह अवधि एक ही कंपनी में पूरी करना जरूरी नहीं है; कई कंपनियों की नौकरी जोड़कर भी 5 साल गिने जाएंगे।
EPFO 3.0 से कर्मचारियों को समय की बचत होगी और लंबे-लंबे कागजी प्रोसेस से भी छुटकारा मिलेगा। यह कदम रोजगार क्षेत्र और वर्किंग क्लास के लिए एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।