मां से कहा था खाना रखना, कुछ देर बाद आई मौत की खबर......दो दोस्‍तों को ट्रक ने कुचला, मौत

फरीदाबाद के झाड़सेंतली हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों अलीगढ़ घर लौट रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मां से कहा था खाना रखना, कुछ देर बाद आई मौत की खबर......दो दोस्‍तों को ट्रक ने कुचला, मौत

हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दो दोस्तों की मौत
अलीगढ़ घर लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
शादी की पहली सालगिरह मनाने के 20 दिन बाद उजड़ा परिवार


फरीदाबाद जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। गांव झाड़सेंतली के पास हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक अलीगढ़ अपने घर लौट रहे थे।

हादसा देर रात उस समय हुआ जब 25 वर्षीय शगुन और निशांत बाइक पर सवार होकर घर की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक मदद पहुंचती, दोनों की सांसें थम चुकी थीं।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। बताया गया है कि दोनों युवकों ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि जान नहीं बच सकी।

मृतकों की पहचान 25 वर्षीय शगुन और निशांत के रूप में हुई है। दोनों नजफगढ़ की प्रेम नगर कॉलोनी के रहने वाले थे। निशांत मूल रूप से अलीगढ़ जिले के बिलोना गांव का निवासी था, लेकिन बचपन से ही अपने मामा नवीन के पास नजफगढ़ में रह रहा था। वह एक प्रॉपर्टी डीलर के साथ ड्राइवर के तौर पर काम करता था।

वहीं शगुन ने हाल ही में अपनी ग्रेजुएशन पूरी की थी और अपने भविष्य को लेकर योजनाएं बना रहा था। दोनों की दोस्ती बचपन से थी। मोहल्ले में दोनों को साथ-साथ ही देखा जाता था। हर सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ निभाने वाले ये दोस्त जिंदगी के सफर में भी साथ निकले, लेकिन मौत ने दोनों को एक साथ छीन लिया।

परिजनों के अनुसार, हादसे से कुछ समय पहले निशांत ने घर पर फोन कर मां से कहा था कि खाना बनाकर रखें, वह दोस्त के साथ घर पहुंच रहा है। परिवार को क्या पता था कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी। कुछ ही देर बाद हादसे की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। निशांत की शादी को अभी एक साल ही हुआ था। दो फरवरी को उसने अपनी पहली शादी की सालगिरह मनाई थी। उसके पिता खेती-बाड़ी करते हैं और छोटा भाई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है।

उधर, शगुन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन है। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दोनों युवकों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

मामले में सेक्टर-58 थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।