हरियाणा में दीवार गिरने से 12 वर्षीय बच्ची की मौत, महिला समेत 5 घायल

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में बिल्डिंग मटेरियल प्लॉट की दीवार गिरने से 12 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। महिला समेत पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हरियाणा में दीवार गिरने से 12 वर्षीय बच्ची की मौत, महिला समेत 5 घायल

बिल्डिंग मटेरियल प्लॉट की दीवार गिरने से 12 वर्षीय बच्ची की मौत

महिला समेत पांच लोग घायल, जेसीबी से बालू हटाने के दौरान हुआ हादसा

स्थानीय लोगों ने प्लॉट मालिक की लापरवाही का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी


फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित पर्वतीय कॉलोनी, गंगा एन्क्लेव पार्ट-2 में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिल्डिंग मटेरियल प्लॉट की दीवार अचानक गिरने से 12 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि एक महिला और चार बच्चियां घायल हो गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा शनिवार शाम करीब 5:45 बजे हुआ। स्थानीय निवासी ओम दत्त शर्मा ने बताया कि प्लॉट में जेसीबी की मदद से बालू को एक तरफ किया जा रहा था। इसी दौरान बालू का दबाव प्लॉट की दीवार पर बढ़ गया और करीब 15 फुट लंबी दीवार अचानक गली की ओर भरभराकर गिर गई।

फरीदाबाद में दीवार गिरने के बाद मलबा हटाते लोग।

दीवार गिरते ही उसके साथ बड़ी मात्रा में बालू भी बाहर आ गया, जिसकी चपेट में वहां से गुजर रही एक महिला और चार बच्चियां आ गईं। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सभी घायलों को बाहर निकाला। बाद में उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस हादसे में 12 वर्षीय दिव्या की मौत हो गई। वहीं अंशिका तिवारी (12 वर्ष), शीतल, खुशी और सृष्टि घायल हो गईं। घायलों में खुशी के पैर में फ्रैक्चर बताया गया है, जबकि अन्य का अस्पताल में इलाज जारी है। महिला को भी गंभीर चोटें आई हैं।

फरीदाबाद में गिरी बिल्डिंग मटेरियल प्लॉट की दीवार।

स्थानीय लोगों ने पूरे हादसे के लिए बिल्डिंग मटेरियल प्लॉट के मालिक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि प्लॉट की दीवार पहले से कमजोर थी और आसपास के लोगों ने कई बार इसके बारे में चेतावनी भी दी थी, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। लोगों का कहना है कि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए बिना जेसीबी से काम कराया जा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।

फरीदाबाद में दीवार गिरने के बाद मलबा हटाते लोग।

घटना की सूचना मिलते ही पर्वतीय पुलिस चौकी और मुजेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, मलबा हटवाया और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में एक बच्ची की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी भी व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।