बीच सड़क पर पति ने पत्नी को मारी तीन गोलियां, मौत, आरोपी फरार
फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में तलाक विवाद के चलते पति ने पत्नी संगीता देवी को बीच सड़क पर तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी। आरोपी फरार है और पुलिस जांच में जुटी है।
■ पल्ला थाना क्षेत्र की सनलाइट कॉलोनी में महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या
■ तलाक का केस चल रहा था, पति ने कहासुनी के बाद चलाई 3 गोलियां
■ क्राइम ब्रांच व फोरेंसिक टीम जांच में जुटी, आरोपी बिहार का रहने वाला
हरियाणा के फरीदाबाद जिले में शुक्रवार रात रिश्तों का एक भयावह अंत देखने को मिला। पल्ला थाना इलाके के बसंतपुर गांव स्थित सनलाइट कॉलोनी में 30 वर्षीय संगीता देवी की उसके पति ने बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। तलाक के विवाद के चलते अलग रह रही महिला पर उसके पति ने सरेआम तीन राउंड फायरिंग कर दी और पिस्टल लहराते हुए मौके से फरार हो गया।
घटनाक्रम के मुताबिक, संगीता देवी पिछले काफी समय से अपने पति और ससुराल पक्ष से अलग अपने दो बच्चों के साथ रह रही थी। पति के साथ उसका तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन था और पारिवारिक विवाद भी चल रहा था। शुक्रवार रात करीब 7:30 से 8 बजे के बीच उसका पति अपने परिवार के कुछ लोगों के साथ सनलाइट कॉलोनी पहुंचा। उस समय महिला घर पर नहीं थी। जब वह लौट रहे थे, तभी गली में संगीता सामने आ गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के बीच पहले तीखी कहासुनी हुई। आरोप है कि पति के पास पहले से ही हथियार था। विवाद बढ़ते ही उसने पिस्टल निकालकर संगीता पर तीन गोलियां चला दीं। दो गोलियां लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। इस बीच आरोपी पिस्टल लहराते हुए मौके से फरार हो गया।
घायल संगीता को परिजन और पड़ोसी सेक्टर-31 स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
.
घटनास्थल से पुलिस को गोली के दो खाली खोल बरामद हुए हैं। क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच चल रहे तलाक विवाद को ही हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।
पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि आरोपी पति मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और फिलहाल फरार है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
यह वारदात एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि पारिवारिक विवाद किस तरह हिंसक रूप ले सकते हैं और समाज में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बनी हुई हैं।
Akhil Mahajan