मुकाम धाम से लौट रहे परिवार की कार ट्रक से टकराई,एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत
फतेहाबाद के मताना गांव के एक परिवार के 6 लोगों की राजस्थान में सड़क हादसे में मौत हो गई। मुकाम धाम से लौटते समय कार की ट्रक से टक्कर हो गई।
- मुकाम धाम से लौट रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
- ट्रक से आमने-सामने की टक्कर में 6 लोगों की मौत
- 15 दिन पहले रिटायर हुए सीनियर अकाउंटेंट का पूरा परिवार उजड़ गया
हरियाणा के फतेहाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। एक ही परिवार के छह लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार फतेहाबाद के मताना गांव निवासी ओमप्रकाश अपने परिवार के साथ राजस्थान के प्रसिद्ध मुकाम धाम में दर्शन करने गए थे। दर्शन करने के बाद पूरा परिवार स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहा था।
बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे राजस्थान के श्रीडूंगरपुर थाना क्षेत्र के हेमासर गांव के पास उनकी कार की सामने से आ रहे ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक छह लोगों की जान जा चुकी थी।
मृतकों में रिटायर्ड सीनियर अकाउंटेंट ओमप्रकाश, उनकी पत्नी सोरमा देवी (55), बेटी प्रमिला (30), पोता रोनित (4) और दो दोहती यशवी (10) व खुशी (8) शामिल हैं। हादसे में घायल तीसरी दोहती तन्वी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
इस हादसे को और भी दर्दनाक इसलिए माना जा रहा है क्योंकि ओमप्रकाश केवल 15 दिन पहले ही फतेहाबाद के DDPO कार्यालय से सीनियर अकाउंटेंट पद से रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर निकले ओमप्रकाश को शायद अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
गांव के लोगों के अनुसार परिवार रविवार को मुकाम धाम के लिए रवाना हुआ था। देर रात दर्शन स्थल पहुंचने के बाद सोमवार सुबह दर्शन किए और फिर फतेहाबाद के लिए वापसी शुरू की थी। लेकिन घर पहुंचने से पहले ही एक भीषण हादसे ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही गांव मताना में मातम पसर गया। परिजन और ग्रामीण तुरंत राजस्थान के लिए रवाना हो गए। गांव में हर किसी की जुबान पर सिर्फ इसी हादसे की चर्चा है।
Akhil Mahajan