पत्नी की बेवफाई से परेशान पति चार बच्‍चों के साथ नहर में कूदा और....

हरियाणा के पानीपत में पिता चार बच्चों के साथ यमुना नदी में कूद गया। पत्नी के प्रेमी संग फरार होने से परेशान था। घटना से पहले दो वीडियो बनाकर बहन को भेजे। पुलिस और गोताखोर बच्चों व पिता की तलाश में जुटे हैं।

पत्नी की बेवफाई से परेशान पति चार बच्‍चों के साथ नहर में कूदा और....


➤ हरियाणा के पानीपत में पिता चार बच्चों के साथ यमुना नदी में कूदा
➤पत्नी के प्रेमी संग फरार होने से मानसिक रूप से परेशान था युवक
➤दो वीडियो बनाकर बहन को भेजे, पुलिस और गोताखोर कर रहे तलाश


हरियाणा के पानीपत में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उत्तर प्रदेश के कैराना निवासी सलमान नामक व्यक्ति अपने चार बच्चों के साथ यमुना नदी में कूद गया। सलमान की पत्नी बच्चों को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। इस कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा। घटना से पहले सलमान ने दो वीडियो बनाकर अपनी बहन को भेजे। वीडियो में उसने पत्नी की बेवफाई और अपने हालात के बारे में बताते हुए कहा कि उसके पास अब कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है।

वीडियो देखने के बाद परिवार के लोग तुरंत यमुना नदी के पास पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची हरियाणा और उत्तर प्रदेश की पुलिस और गोताखोरों की टीम बच्चों और सलमान की तलाश में जुटी हुई है।

सलमान की बहन गुलिस्ता ने बताया कि गुरुवार को पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद सलमान की पत्नी घर से चली गई। शुक्रवार सुबह सलमान बच्चों को लेकर काम करने की बात कहकर निकला। दोपहर करीब 12 बजे उसने बच्चों के साथ वीडियो बनाकर बहन को भेजा, लेकिन बहन व्यस्त होने के कारण वीडियो तुरंत नहीं देख सकी। शनिवार सुबह वीडियो देखने के बाद परिवार को पूरे मामले का पता चला।

गुलिस्ता ने बताया कि जब भाई और बच्चे वापस नहीं आए तो वे यमुना पुल पर पहुंचे। वहां लोगों ने बताया कि एक व्यक्ति चार बच्चों के साथ पुराने पुल के आसपास मौजूद था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के अनुसार सलमान के चार बच्चे – महक (12), इनायता (8), सीफा (4) और अनायन (3) हैं। सलमान ने इन्हीं चार बच्चों के साथ यमुना नदी में छलांग लगाई। रेस्क्यू अभियान जारी है, लेकिन अभी तक पांचों का सुराग नहीं लग पाया है।

वीडियो में सलमान ने कहा – “मुझे मौत का डिसीजन यूं लेना पड़ा, इस औरत ने 7 महीने से मेरी जिंदगी तबाह कर रखी है। न कोई सरकार से उम्मीद है और न किसी से। इसलिए आगे के लिए कोई और ऐसा न करे, इसलिए मैंने 5 जिंदगी खतरे में डाल दी। यह जुल्म इसलिए किया मैंने, क्योंकि मेरी जिंदगी तबाह हो गई।”

दूसरे वीडियो में सलमान ने कहा – “ये मेरी आखिरी वीडियो है। खास करके मैं अपने पिता से माफी मांग रहा हूं। अगर मेरे से कोई गलती हो रही हो तो मेरे को माफ कर देना। मैं सब से ही माफी मांग रहा हूं।”