गीता यूनिवर्सिटी के कैफे में ब्लास्ट! 3 झुलसे, मची अफरातफरी

पानीपत की गीता यूनिवर्सिटी में कैफे नंबर 14 में सिलेंडर ब्लास्ट से भीषण आग लग गई। हादसे में 3 लोग झुलस गए। धमाके से छत उड़ गई और जांच शुरू कर दी गई है।

गीता यूनिवर्सिटी के कैफे में ब्लास्ट! 3 झुलसे, मची अफरातफरी

■ कैफे नंबर 14 में सिलेंडर ब्लास्ट से लगी भीषण आग
■ 3 लोग गंभीर रूप से झुलसे, छात्र-छात्राओं में अफरातफरी
■ धमाके से कैफे की छत उड़ी, जांच शुरू


हरियाणा के पानीपत जिले के मतलौडा स्थित गीता यूनिवर्सिटी परिसर में रविवार रात  कैफे नंबर 14 में अचानक भीषण आग लग गई, जिसके बाद सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना तेज था कि कैफे की छत उड़ गई और भारी साजो-सामान के टुकड़े दूर तक जा गिरे। हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

आग देखते ही देखते तेजी से बढ़ती गई, जिसके बाद पूरा कैफे आग की चपेट में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में आग मामूली लगी थी और मौके पर मौजूद लोगों ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने की कोशिश भी की। लेकिन कुछ ही क्षणों बाद सिलेंडर में तेज धमाका हुआ, जिससे आग की लपटें लगभग 40 मीटर ऊंचाई तक उठती दिखाई दीं। धमाके के बाद पूरे परिसर में अफरातफरी मच गई और दर्जनों छात्र-छात्राओं ने भागकर अपनी जान बचाई।

आग के कारण कैफे पूरी तरह जल गया। हादसे में तीन लोग झुलस गए

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे छात्राओं ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पहले धुआं उठता है और फिर अचानक जोरदार विस्फोट होता है। ब्लास्ट की आवाज दूर तक सुनाई दी।

मौके पर स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम पहुंची। इसराना थाना प्रभारी महिपाल के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने प्रारंभिक तौर पर आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है, जबकि प्रत्यक्षदर्शी सिलेंडर ब्लास्ट की बात कह रहे हैं।

फिलहाल घायलों का इलाज कराया जा रहा है और पूरे परिसर की सुरक्षा जांच की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।