गोल्‍ड की रिकॉर्ड रफ्तार ... 35 साल में इतने बढ़े दाम? एक किलो में आ जाएगी Land Rover

वैश्विक और घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में रिकॉर्ड बढ़त दर्ज की गई है। दिल्ली में 24 कैरेट 10 ग्राम सोना 1,29,580 रुपये पहुंच गया है। वैश्विक उथल-पुथल और खपत अधिक होने के कारण सोने की खरीदारी थम नहीं रही।

गोल्‍ड की रिकॉर्ड रफ्तार ... 35 साल में इतने बढ़े दाम? एक किलो में आ जाएगी Land Rover

➤ सोने की कीमतें रिकॉर्ड रफ्तार से बढ़ रही हैं
➤ दिल्ली में 24 कैरेट 10 ग्राम सोना 1,29,580 रुपये
➤ वैश्विक उथल-पुथल और खपत बढ़ने से कीमतों में तेजी


वैश्विक बाजार में सोने की तेजी के चलते घरेलू बाजार में भी सोने की कीमतों ने रिकॉर्ड बढ़त दर्ज की है।  दिल्ली सराफा बाजार में 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने की कीमत 1,29,580 रुपये पर पहुंच गई। इस साल सोने में अब तक 60 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है, लेकिन कीमतों में वृद्धि के बावजूद निवेशक और खरीदारों का उत्साह कम नहीं हुआ है।

कारोबारियों का कहना है कि सोने की बढ़ती कीमत के बावजूद सिक्कों और बार (छड़) की बिक्री में इजाफा हुआ है। वहीं, गहनों की मांग थोड़ी कम हुई है। उन्होंने कहा कि धनतेरस पर भी कीमत लगभग इसी स्तर पर रहने की संभावना है।

विशेषज्ञों  का मानना है कि अमेरिकी शटडाउन, अमेरिकी बांड रिटर्न में गिरावट और वैश्विक राजनीतिक अस्थिरता से सोने की कीमतों में तेजी आई है। अमेरिका, रूस, फ्रांस, जापान, ईरान और इजरायल जैसे देशों में राजनीतिक तनाव भी निवेशकों को सोने की ओर आकर्षित कर रहा है।

वैश्विक उत्पादन की तुलना में खपत हमेशा अधिक रहती है। वर्ष 2024 में वैश्विक खपत लगभग 4,900 टन रही, जबकि उत्पादन केवल 3,800 टन हुआ। इसी दौरान विश्व के केंद्रीय बैंकों ने 1,089 टन सोना खरीदा। ज्वैलरी निर्माण में 1,887 टन, तकनीकी उपयोग में 326 टन और निवेश के रूप में 1,181 टन सोने का उपयोग हुआ।

भारत में सालाना सोने की खपत लगभग 800 टन है, जो दुनिया में दूसरे स्थान पर है। भारत का उत्पादन नगण्य है, इसलिए देश में मांग का पूरा बोझ आयात पर है।

सोने की कीमतों की तुलना कारों से करें तो यह और भी हैरान करने वाला है। उद्योगपति  ने बताया कि 1990 में एक किलो सोना और मारुति कार की कीमत बराबर थी। 2000 में एक किलो सोना एस्टीम कार के बराबर हुआ। 2005 में सोना इनोवा कार, 2010 में फॉर्च्यूनर और अब 2025 में लैंड रोवर कार के बराबर हो गया है। आज एक किलो सोने की कीमत 80 लाख रुपये से लेकर 2.68 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

वर्ष सोने की कीमत (10 ग्राम)
1990 3,200 रुपये
2000 4,400 रुपये
2005 7,000 रुपये
2010 18,500 रुपये
2025 1,29,580 रुपये