24 कैरेट सोना 1.59 लाख के करीब, चांदी 2.85 लाख प्रति किलो
देशभर में रविवार को सोने और चांदी की कीमतें स्थिर रहीं। 24 कैरेट सोना 1.59 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.85 लाख रुपए प्रति किलो के करीब रही।
रविवार को स्थिर रहे सोने-चांदी के दाम, MCX बंद रहने से नहीं हुआ बदलाव
देश में 24 कैरेट सोना करीब 1.59 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता रहा
विशेषज्ञ बोले- वैश्विक तनाव और सुरक्षित निवेश की मांग से बढ़ रही कीमतें
देशभर में रविवार, 24 मई को सोने और चांदी की कीमतों में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला। रविवार होने के कारण मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) बंद रहा, जिसकी वजह से बाजार में उतार-चढ़ाव नहीं हुआ। हालांकि दोनों कीमती धातुओं के दाम अब भी रिकॉर्ड ऊंचाई के करीब बने हुए हैं।
आज देश में 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1,59,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास बनी रही। वहीं चांदी का भाव लगभग 2,85,000 रुपए प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। लगातार ऊंचे दामों ने आम खरीदारों और निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
अगर प्रमुख शहरों की बात करें तो चेन्नई में 24 कैरेट सोना सबसे महंगा रहा। यहां इसकी कीमत 1,59,500 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई। इसके अलावा मुंबई में 1,59,030 रुपए, बेंगलुरु में 1,59,160 रुपए, कोलकाता में 1,58,820 रुपए और दिल्ली में 1,58,760 रुपए प्रति 10 ग्राम का भाव रहा।
वहीं 22 कैरेट सोने की कीमतें भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। दिल्ली में 22 कैरेट सोना 1,45,530 रुपए, मुंबई में 1,45,778 रुपए, कोलकाता में 1,45,585 रुपए, चेन्नई में 1,46,208 रुपए और बेंगलुरु में 1,45,897 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया।
चांदी की कीमत देशभर में औसतन 285 रुपए प्रति ग्राम यानी करीब 2,85,000 रुपए प्रति किलो बनी रही। हालांकि दिल्ली और चेन्नई जैसे कुछ शहरों में यह भाव बढ़कर 2,95,000 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के कारण सोने की कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है। अस्थिर बाजार की स्थिति में निवेशक सोने को सुरक्षित विकल्प मान रहे हैं।
हालांकि आने वाले समय में सोने के गहनों की कीमतों में कुछ राहत मिल सकती है। इसकी मुख्य वजह फिजिकल गोल्ड की मांग में संभावित गिरावट को माना जा रहा है। CRISIL की रिपोर्ट के मुताबिक वित्त वर्ष 2026-27 में सोने की बिक्री का स्तर पिछले 10 साल में सबसे निचले स्तर पर पहुंच सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, FY26 में सोने के गहने खरीदने वालों की संख्या में करीब 6 से 7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं FY27 में यह गिरावट बढ़कर 13 से 14 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। अनुमान है कि FY27 में सोने की कुल बिक्री घटकर 620 से 640 टन तक रह सकती है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत ने FY26 में करीब 720 टन सोने का आयात किया, जिससे लगभग 72 बिलियन डॉलर की विदेशी मुद्रा देश से बाहर गई। इसके अलावा केंद्र सरकार द्वारा सोने और चांदी पर आयात शुल्क बढ़ाने के फैसले ने भी गहनों की कीमतों पर असर डाला है।
pooja