अभिनेता गोविंदा की तबीयत अचानक बिगड़ी, घर पर हुए बेहोश, अस्पताल में भर्ती
अभिनेता गोविंदा की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बेहोशी के कारण जानने के लिए न्यूरोलॉजिकल जांच जारी है।
-
मुंबई के क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती, हालत फिलहाल स्थिर
-
बेहोशी के कारण जानने के लिए किए गए न्यूरोलॉजिकल टेस्ट
मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गोविंदा (Govinda) की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें जुहू स्थित क्रिटिकेयर एशिया अस्पताल (CritiCare Asia Hospital) में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात वे अपने घर पर बेहोश हो गए थे, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
गोविंदा के करीबी दोस्त और कानूनी सलाहकार ललित बिंदल ने पुष्टि करते हुए बताया कि अभिनेता को बेचैनी और भ्रम की शिकायत थी। रात करीब 1 बजे उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
अभिनेता के मैनेजर शशि शिंदे ने बताया कि गोविंदा को चक्कर और सिर भारी महसूस हो रहा था, इसलिए एहतियातन उन्हें अस्पताल लाया गया। न्यूरोलॉजिस्ट द्वारा उनकी जांच की जा रही है ताकि बेहोशी के असली कारण का पता लगाया जा सके।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, गोविंदा के कई मेडिकल और न्यूरोलॉजिकल टेस्ट किए गए हैं और उनकी रिपोर्ट का इंतजार है। फिलहाल, उन्हें ऑब्जर्वेशन वार्ड में रखा गया है। अस्पताल में इस समय उनकी बेटी टीना आहूजा मौजूद हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में गोविंदा अभिनेता धर्मेंद्र से मिलने ब्रीच कैंडी अस्पताल भी पहुंचे थे, जहां वे कुछ थके और परेशान नजर आए थे। सोशल मीडिया पर उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के साथी कलाकार उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
पिछले साल भी गोविंदा एक दुर्घटना के चलते अस्पताल में भर्ती हुए थे, जब उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गलती से गोली चलने से उनके पैर में चोट लग गई थी।
Author1