डिजाइन इंजीनियर की हत्या, कूड़ा फेंकने के विवाद में डंडे से सिर फोड़ा
गुरुग्राम में डिजाइन इंजीनियर गौरव की पड़ोसी से कूड़ा फेंकने के विवाद में डंडे से सिर पर वार कर हत्या। 6 दिन अस्पताल में जूझता रहा। आरोपी दीपक यादव पर हत्या का केस दर्ज, पुलिस तलाश में।
➤गुरुग्राम में डिजाइन इंजीनियर की हत्या
➤ कूड़ा फेंकने को लेकर विवाद में सिर पर डंडा मारकर मौत
➤ आरोपी फरार, हत्या का केस दर्ज
गुरुग्राम में 21 साल के डिजाइन इंजीनियर की कूड़ा फेंकने के विवाद में हत्या कर दी गई। आरोपी पड़ोसी ने लकड़ी के डंडे से सिर पर जोरदार वार किया, जिससे घायल इंजीनियर पिछले 6 दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था।
यह घटना 20 नवंबर की शाम की है। गौरव, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला था, गुरुग्राम में भांगरौला गांव में किराए पर रहकर डिजाइन इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। वह IMT मानेसर की एक निजी कंपनी में काम करता था और गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक से 2024 में डिप्लोमा पासआउट हुआ था।
परिजनों के अनुसार, गौरव ने शाम को घर का कूड़ा पास के खाली प्लॉट में फेंक दिया, जिस पर पड़ोसी दीपक यादव ने आपत्ति जताई और देखते-ही-देखते विवाद बढ़ गया। गुस्से में आरोपी ने लकड़ी का डंडा उठाया और सीधे सिर पर वार कर दिया।
गंभीर स्थिति में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज पर 10 लाख से ज्यादा खर्च करने के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। मंगलवार देर रात उसकी मौत हो गई।
परिवार में अकेला कमाने वाला गौरव की मौत से गांव और परिवार में शोक और आक्रोश है। खेड़की दौला थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी दीपक यादव की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि जल्द गिरफ्तारी होगी।
Author1