बाईपास पर हादसा, कैंटर की टक्कर से दो दोस्तों की मौत

गुरुग्राम के पटौदी बाईपास पर तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से दो दोस्तों की मौत। आरोपी चालक फरार, पुलिस ने FIR दर्ज कर CCTV फुटेज खंगालनी शुरू की।

बाईपास पर  हादसा, कैंटर की टक्कर से दो दोस्तों की मौत

पटौदी बाईपास पर भीषण हादसा, कैंटर की टक्कर से दो दोस्तों की मौत
स्कूटी पर जा रहे थे मिलने, मौके पर ही तोड़ा दम
तेज रफ्तार और लापरवाही बनी वजह, आरोपी चालक फरार


हरियाणा के गुरुग्राम जिले के पटौदी बाईपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी सवार युवकों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

मृतकों की पहचान 21 वर्षीय मुस्तफा निवासी वार्ड-11 पटौदी और 16 वर्षीय अयान निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भिजवा दिया है।

घटना के संबंध में नूंह के घासेड़ा गांव निवासी दिलशान ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह अपने दोस्त महरबान के साथ बाइक पर सवार होकर अपने दोस्तों मुस्तफा और अयान का इंतजार कर रहे थे।

शिकायत के अनुसार, रात करीब 7:30 बजे मुस्तफा और अयान अपनी होंडा एक्टिवा पर पटौदी बाईपास से आ रहे थे। इसी दौरान सफेद नगर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने लापरवाही से स्कूटी को सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।

पीछे आ रहे साथियों दिलशान और महरबान ने तुरंत निजी एम्बुलेंस का इंतजाम किया और दोनों को सरकारी अस्पताल पटौदी पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में स्कूटी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पटौदी शहर चौकी पुलिस ने दिलशान के बयान पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी चालक और वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।