रोडवेज की ट्रेनिंग बस ने राहगीरों को कुचला, एक की मौत, तीन गंभीर
गुरुग्राम के सेक्टर-37 में रोडवेज की ट्रेनिंग बस ने राहगीरों को कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन घायल हुए। घटना CCTV में कैद हो गई।
- गुरुग्राम में रोडवेज की ट्रेनिंग बस ने राहगीरों को कुचला, एक व्यक्ति की मौत
- हादसे में तीन लोग घायल, बस नहीं रोकने पर लोगों ने किया पथराव
- अंडर-ट्रेनी ड्राइवर बस चला रहा था, CCTV में कैद हुई पूरी घटना
गुरुग्राम के सेक्टर-37 क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। हरियाणा रोडवेज की ट्रेनिंग बस ने पैदल चल रहे कई लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के सतना निवासी रवि शंकर (56) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गुरुग्राम की एक फैक्ट्री में काम करते थे। हादसे के समय वह सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी अनियंत्रित बस उनकी ओर बढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस को अपनी तरफ आता देख कई लोगों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन कुछ लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौजूद लोगों ने ड्राइवर को बस रोकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन बस नहीं रुकी और आगे बढ़ती रही।
बस के नहीं रुकने से गुस्साए लोगों ने उसका पीछा किया और उस पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान बस कई वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे निकल गई। बाद में एक मारुति एक्सप्रेसो कार से टकराने के बाद बस रुकी। हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और रोडवेज विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह बस नए ड्राइवरों को प्रशिक्षण देने के लिए डिपो से निकाली गई थी।
ट्रेनिंग इंचार्ज सुरेश के अनुसार बस को इंस्पेक्टर विद्यानंद के नाम से ट्रेनिंग रूट पर भेजा गया था और उस समय एक अंडर-ट्रेनी ड्राइवर बस चला रहा था। अधिकारियों का कहना है कि प्रशिक्षण के दौरान अचानक ड्राइवर का बस से नियंत्रण हट गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
वहीं स्थानीय लोगों ने सवाल उठाते हुए दावा किया कि बस अपने निर्धारित मार्ग पर नहीं थी। उनका कहना है कि जिस सड़क पर हादसा हुआ वह काफी संकरी है और इस तरह के बड़े वाहन के लिए उपयुक्त नहीं थी। लोगों का आरोप है कि यदि बस सही रूट पर चल रही होती तो शायद यह हादसा नहीं होता।
घटना के CCTV फुटेज भी सामने आए हैं। एक वीडियो में बस पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है। दूसरे वीडियो में बस एक गली की तरफ मुड़ती नजर आती है, जहां वह एक लोडिंग ऑटो से टकराने से बाल-बाल बच जाती है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि हादसा ड्राइवर की लापरवाही से हुआ या ट्रेनिंग प्रक्रिया में किसी प्रकार की चूक हुई थी। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है, जबकि स्थानीय लोगों में प्रशासन और रोडवेज विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
Akhil Mahajan