हरियाणा के 13 प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही स्कूलों में छुट्टी, पेरेंट्स को बुलाया गया
गुरुग्राम में 13 निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला। स्कूलों में छुट्टी कर पेरेंट्स बुलाए गए, बम-डॉग स्क्वायड व SDRF ने सर्च अभियान चलाया।
हरियाणा के 13 प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
ई-मेल मिलते ही स्कूलों में छुट्टी, पेरेंट्स को बुलाया गया
बम-डॉग स्क्वायड व SDRF ने चलाया सर्च अभियान
हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम में बुधवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब शहर के 13 बड़े और प्रतिष्ठित निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला। धमकी मिलते ही स्कूल प्रबंधन और प्रशासन सतर्क हो गया और एहतियातन स्कूलों में तुरंत छुट्टी घोषित कर दी गई। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अभिभावकों को मैसेज भेजकर तुरंत स्कूल बुलाया गया।
यह धमकी उस समय सामने आई, जब कई बच्चे स्कूल पहुंच चुके थे और कुछ रास्ते में थे। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी और बच्चों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया। स्कूल बसों को भी बीच रास्ते से ही वापस लौटाया गया, ताकि किसी तरह का जोखिम न रहे।
जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें कुंसकपालन स्कूल (DLF फेज-1), लैंसर्स स्कूल (सेक्टर-53), हेरिटेज एक्सपीरिएंशियल लर्निंग स्कूल (सेक्टर-64), पाथवे वर्ल्ड स्कूल बादशाहपुर, शिव नादर स्कूल (DLF फेज-1), श्री राम अरावली स्कूल, मानव रचना स्कूल सेक्टर-50 और सेक्टर-46, लोट्स वैली, शेरवुड कॉन्वेंट स्कूल, यूरो इंटरनेशनल स्कूल, स्कॉटिश हाई स्कूल और शालोम हिल्स इंटरनेशनल स्कूल शामिल हैं।
धमकी मिलते ही पुलिस ने बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड और SDRF की टीमों को मौके पर भेजा। स्कूल परिसरों, कक्षाओं, मैदानों और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। राहत की बात यह रही कि अब तक की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है और स्थिति नियंत्रण में है।
कुछ स्कूलों की ओर से अभिभावकों को भेजे गए मैसेज में बताया गया कि यह ई-मेल फर्जी (hoax) लग रहा है, लेकिन फिर भी सुरक्षा के लिहाज से सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। पुलिस अब ई-मेल भेजने वाले की पहचान और धमकी के पीछे की सच्चाई जानने के लिए साइबर जांच में जुटी हुई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
Akhil Mahajan