हरियाणा में बड़ा हादसा, थार डिवाइडर से टकराई, दो युवक तीन युवतियों समेत पांच की मौत
गुरुग्राम के झाड़सा चौक पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार थार गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में पांच लोगों की मौत और एक गंभीर घायल है। गाड़ी के परखच्चे उड़ गए, पुलिस जांच में जुटी।
➤झाड़सा चौक पर तेज रफ्तार थार डिवाइडर से टकराई
➤ पांच की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल मेदांता में भर्ती
➤ मृतकों में तीन युवतियां और दो युवक, गाड़ी के परखच्चे उड़ गए
हरियाणा के गुरुग्राम जिले में शनिवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 4:30 बजे झाड़सा चौक पर एक तेज रफ्तार थार गाड़ी (UP 81 CS 2319) अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसे मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक थार गाड़ी दिल्ली से आ रही थी और झाड़सा चौक के एग्जिट नंबर 9 से नीचे उतर रही थी। इसी दौरान चालक ने अचानक गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और वह सीधे डिवाइडर से जा टकराई। गाड़ी में कुल छह लोग सवार थे — तीन युवक और तीन युवतियां।
मृतकों में दो युवक और तीन युवतियां शामिल हैं। मृतकों में से एक युवती की पहचान प्रतिष्ठा मिश्रा के रूप में हुई है। बाकी की पहचान पुलिस कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गुरुग्राम पुलिस ने कहा है कि हादसे की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना मुख्य कारण माना जा रहा है। हादसे के वक्त गाड़ी किसके नाम पर थी और सभी सवार कहां जा रहे थे, इसकी भी जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan