टिल्लू गैंग के बदमाश भाइयों पर चला बुलडोजर, नगर निगम की 3400 गज जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा
गुरुग्राम में टिल्लू गैंग से जुड़े बदमाश भाइयों की अवैध प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चला। नगर निगम की 3400 वर्गगज जमीन से पांच साल पुराना कब्जा हटाया गया।
- टिल्लू गैंग से जुड़े बदमाश भाइयों की अवैध प्रॉपर्टी पर बुलडोजर
- नगर निगम की 3400 वर्गगज जमीन पर पांच साल से कब्जा
- SHO बोले अपराध की कमाई से बनी संपत्ति नहीं बख्शी जाएगी
हरियाणा के गुरुग्राम में कुख्यात टिल्लू गैंग से जुड़े बदमाश भाइयों के खिलाफ बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। नगर निगम की बेशकीमती जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने के लिए पुलिस और निगम की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाया।
बादशाहपुर थाना क्षेत्र में स्थित नगर निगम गुरुग्राम की करीब 3400 वर्गगज जमीन पर बदमाश नरेंद्र उर्फ टिल्लू और उसके भाई रवि ने अवैध निर्माण कर रखा था। यह जमीन श्मशान घाट, बदशाहपुर के सामने खसरा नंबर 39/24 में स्थित है, जिसका व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश यहां रेहड़ी और दुकानदारों को बैठाकर उनसे हर महीने लाखों रुपये का किराया वसूल रहे थे। यह अवैध कब्जा पिछले कम से कम पांच वर्षों से चला आ रहा था, जिसे अब पूरी तरह ध्वस्त कर जमीन को मुक्त करा लिया गया है।
बादशाहपुर थाने के SHO विजयपाल ने बताया कि हरियाणा पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। अवैध कब्जे हटाना और अपराध की कमाई से बनी संपत्तियों को गिराना इसी अभियान का हिस्सा है। यह बदमाशों के लिए साफ संदेश है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नरेंद्र उर्फ टिल्लू पर हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत 13 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वर्ष 2012 से 2025 के बीच उसके खिलाफ कई संगीन मुकदमे दर्ज हुए हैं और उसका संबंध संगठित टिल्लू गैंग से बताया गया है।
उसके भाई रवि पर भी हत्या के प्रयास, मारपीट समेत आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों भाई आदतन अपराधी हैं और सरकारी जमीन पर कब्जा कर इलाके में दबंगई दिखाते थे। जमीन मुक्त कराने के बाद प्रशासन ने वहां बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था की है।
Author1