गुरुग्राम में तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी जोरदार टक्कर, 3 लोगों की मौत

गुरुग्राम में तेज रफ्तार ट्रक ने ब्रेजा कार को टक्कर मार दी। हादसे में पटवारी और पूर्व सैनिक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। आरोपी चालक फरार है।

गुरुग्राम में तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी जोरदार टक्कर, 3 लोगों की मौत

गुरुग्राम में तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी जोरदार टक्कर, 3 लोगों की मौत

मृतकों में एचएसआईआईडीसी का पटवारी और सेना से रिटायर्ड हवलदार शामिल

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार, पुलिस CCTV खंगालने में जुटी


हरियाणा के गुरुग्राम में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार तीनों लोगों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार का दृश्य।

                              हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार का दृश्य

यह हादसा पचगांव-जमालपुर रोड पर मोकलवास गांव के पास हुआ। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार आगे से पूरी तरह पिचक गई और उसमें बैठे लोग अंदर फंस गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तीनों घायलों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

मृतकों में पटवारी और पूर्व सैनिक शामिल

मृतकों की पहचान कुलदीप (40), नवल सिंह (68) और समय सिंह (70) के रूप में हुई है। तीनों पुखरपुर गांव के रहने वाले थे।

बताया गया है कि कुलदीप एचएसआईआईडीसी में पटवारी के पद पर कार्यरत थे। वहीं नवल सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हवलदार थे। तीसरे मृतक समय सिंह खेती-किसानी का काम करते थे।

काम से गए थे, लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार तीनों बुधवार दोपहर किसी काम से जमालपुर गए थे। देर शाम वे ब्रेजा कार में वापस अपने गांव लौट रहे थे। कार कुलदीप चला रहे थे।

इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि कार सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से ट्रक को कब्जे में ले लिया है।

जमालपुर चौकी के एएसआई और जांच अधिकारी उदयवीर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। गांव में घटना के बाद शोक का माहौल है।