हरियाणा में ड्राइवर-पैसेंजर विवाद, महिला ने किराया देने से किया मना, ड्राइवर ने कहा- ₹300 देने की औकात नहीं
गुरुग्राम में महिला पैसेंजर और उबर ड्राइवर के बीच 300 रुपए किराए को लेकर विवाद हो गया। बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। यूजर्स में इस पर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
➤ गुरुग्राम में महिला पैसेंजर और उबर कैब ड्राइवर के बीच 300 रुपए किराए को लेकर विवाद
➤ बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, ड्राइवर और महिला दोनों ने बनाया वीडियो
➤ सोशल मीडिया पर बहस, यूजर्स में महिला और ड्राइवर को लेकर अलग-अलग राय
गुरुग्राम में महिला पैसेंजर और उबर कैब ड्राइवर के बीच 300 रुपए किराए को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। ट्रैफिक के कारण गाड़ी में देरी होने पर महिला ने ड्राइवर को किराया देने से इनकार कर दिया। इस पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना का 36 सेकेंड का वीडियो खुद ड्राइवर ने बनाया, जिसमें महिला काला चश्मा, साड़ी और ज्वेलरी पहने बहस करती हुई नजर आ रही है। वहीं महिला भी अपने महंगे मोबाइल से इस पूरी घटना की रिकॉर्डिंग कर रही थी। बहस के बाद महिला वी क्लब की ओर चली जाती है, जबकि ड्राइवर उसके पीछे-पीछे जाता है और लगातार पैसे की मांग करता रहता है।
ड्राइवर महिला से कहता है कि ट्रैफिक की वजह से केवल दो मिनट की देरी हुई, इसमें उसकी कोई गलती नहीं है। लेकिन महिला का आरोप था कि ड्राइवर ने जानबूझकर देरी की और रास्ते में बस चालक से उलझ गया। गुस्से में ड्राइवर ने महिला से कहा कि "300 रुपए देने की औकात नहीं है तुम्हारी, गाड़ी में क्या बैठोगी? 300 की जगह 3 लाख का नुकसान नहीं हुआ तो मेरा नाम भी राम नहीं।"
महिला ने ड्राइवर को चेतावनी दी कि वह इस मामले की शिकायत उबर से करेगी, जिस पर ड्राइवर ने जवाब दिया कि "उबर से बात मत करो, तुम मेरे पैसे लेकर भाग रही हो।" उसने पुलिस बुलाने की भी धमकी दी।
वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ यूजर्स ने महिला को गलत ठहराते हुए लिखा कि "300 रुपए किसी गरीब ड्राइवर के लिए बहुत मायने रखते हैं, इसे बचाकर महिला क्या हासिल कर लेगी।" वहीं, कुछ लोगों ने ड्राइवर को भी गलत ठहराते हुए कहा कि कई बार ड्राइवर जानबूझकर समय बर्बाद करते हैं और यात्रियों से अतिरिक्त पैसे वसूलते हैं।
हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह घटना कब की है और इसमें दिखाई दे रही महिला कौन है। इतना जरूर पता चला है कि वह वी क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थी। पुलिस या उबर कंपनी की ओर से इस विवाद पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।