हरियाणा में गौरव गारमेंट्स की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

हांसी के छाबड़ा चौक स्थित गौरव गारमेंट्स की दुकान में आग लगने से लाखों रुपए का सामान जल गया। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया।

हरियाणा में गौरव गारमेंट्स की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

हांसी में गारमेंट्स दुकान की पहली मंजिल में लगी भीषण आग

फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियों ने करीब एक घंटे में पाया काबू

लाखों रुपए के कपड़े जलकर राख, सदमे में दुकान मालिक की तबीयत बिगड़ी

हरियाणा के हांसी में रविवार को छाबड़ा चौक स्थित गौरव गारमेंट्स की दुकान में भीषण आग लग गई। आग दुकान की पहली मंजिल पर लगी, जहां बड़ी मात्रा में रेडीमेड कपड़े और अन्य सामान रखा हुआ था। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा फ्लोर इसकी चपेट में आ गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मचारियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो चुका था।

फायर ब्रिगेड कर्मचारी विनोद के अनुसार टीम को मौके तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रास्ते में अतिक्रमण और बिजली की लटकती तारों के कारण दमकल गाड़ी बीच रास्ते में फंस गई थी। काफी प्रयासों के बाद गाड़ी को वहां से निकालकर घटनास्थल तक पहुंचाया गया।

दमकल कर्मचारियों ने लगातार प्रयास कर आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोका। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास की कई दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं।

आग से हुए भारी नुकसान को देखकर दुकान मालिक की तबीयत बिगड़ गई। आसपास मौजूद दुकानदारों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। प्रशासन और फायर विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।