हरियाणा को मिला 23वां जिला, कैबिनेट ने हांसी जिले को दी मंजूरी-हिसार के 110 गांव शामिल होंगे। 2 उपमंडल, 3 तहसील और 3 ब्लॉक बनाए गए
हरियाणा कैबिनेट ने हांसी को नया जिला बनाने की मंजूरी दी। हिसार के 110 गांव शामिल होंगे। 2 उपमंडल, 3 तहसील और 3 ब्लॉक बनाए गए।
➤ कैबिनेट बैठक में हांसी को नया जिला बनाने की स्वीकृति
➤ हिसार जिले के 110 गांव होंगे नए जिले में शामिल
➤ 2 उपमंडल, 3 तहसील और 3 ब्लॉक बनाए गए
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हरियाणा कैबिनेट की अहम बैठक में हांसी को नया जिला बनाने की मंजूरी दे दी गई है। इस फैसले के साथ ही हांसी हरियाणा का 23वां जिला बन गया है। यह निर्णय विंटर सेशन से ठीक पहले बुलाई गई कैबिनेट मीटिंग में लिया गया।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में गठित राज्य पुनर्गठन समिति ने 9 दिसंबर 2025 को हुई बैठक में जिला हांसी के गठन की सिफारिश की थी। समिति की सिफारिश को बाद में मुख्यमंत्री की मंजूरी मिली और अब कैबिनेट से अंतिम स्वीकृति दे दी गई है।
प्रस्तावित जिला हांसी में हांसी और नारनौंद विधानसभा क्षेत्रों के कुल 110 गांव शामिल किए गए हैं, जो फिलहाल हिसार जिले का हिस्सा थे। नए जिले में दो उपमंडल हांसी और नारनौंद बनाए गए हैं, जिन्हें हिसार से अलग किया जाएगा।
इसके अलावा जिले में तीन तहसीलें हांसी, नारनौंद और बास होंगी, जबकि खेड़ी जालब को उप-तहसील का दर्जा दिया गया है। प्रशासनिक सुविधा के लिए जिले में हांसी-1, हांसी-2 और नारनौंद नाम के तीन ब्लॉक भी बनाए गए हैं।
प्रस्तावित जिला हांसी का कुल भौगोलिक क्षेत्रफल लगभग 1,34,976 हेक्टेयर होगा। जिले की अनुमानित जनसंख्या करीब 5,40,994 बताई गई है। सरकार का मानना है कि जिला बनने से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।
Author1