हरियाणा में एक और एएसआई ने दी जान, जानें वजह
रेवाड़ी जिले के जैनाबाद गांव में गुरुग्राम पुलिस में तैनात एएसआई कृष्ण यादव ने आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में पत्नी पर प्रताड़ना के आरोप, पुलिस ने केस दर्ज किया और शव परिजनों को सौंपा।
➤ रेवाड़ी में हरियाणा पुलिस के एएसआई ने की खुदकुशी
➤ पत्नी पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, सुसाइड नोट में किए कई खुलासे
➤ पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया, गांव में मातम का माहौल
हरियाणा के रेवाड़ी जिले के जैनाबाद गांव से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। गुरुग्राम पुलिस में तैनात एएसआई कृष्ण यादव ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। करीब 40 वर्षीय कृष्ण यादव दो बच्चों के पिता थे। घटना के समय वह अपने पैतृक गांव जैनाबाद में ही मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार, कृष्ण यादव की पत्नी दिल्ली में पीजीटी टीचर हैं। शुरुआती जांच में घरेलू कलह को आत्महत्या का कारण बताया जा रहा है। मौके पर पहुंची डहीना चौकी पुलिस ने कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें पत्नी पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है।
चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर पत्नी और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके पर जांच पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल रेवाड़ी भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, कृष्ण यादव ने आत्महत्या से पहले अपने करीबी साथी को फोन कर कुछ निजी बातें भी की थीं। पुलिस अब कॉल रिकॉर्ड और मोबाइल डेटा की जांच में जुटी है, ताकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।
गांव जैनाबाद में घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि कृष्ण एक शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और कभी भी ऐसा कदम उठाने की कल्पना नहीं की जा सकती थी।
Author1