निकाय चुनाव से पहले BJP ने जारी किया संकल्प पत्र

हरियाणा निकाय चुनाव से पहले भाजपा ने पंचकूला में संकल्प पत्र जारी किया। CM नायब सैनी ने शहरी विकास और नागरिक सुविधाओं पर जोर दिया, कई नेताओं ने भाजपा जॉइन की।

निकाय चुनाव से पहले BJP ने जारी किया संकल्प पत्र


CM नायब सैनी ने शहरी विकास, सफाई और नागरिक सुविधाओं पर दिया जोर
पूर्व मंत्री राजकुमार बाल्मीकि समेत कई नेताओं ने भाजपा जॉइन की


हरियाणा में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने पंचकूला स्थित प्रदेश कार्यालय ‘पंचकमल’ में अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में इस विजन डॉक्यूमेंट का विमोचन किया।

भाजपा के इस संकल्प पत्र में शहरी विकास, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाएं, नागरिक सेवाएं और सुशासन को प्राथमिकता दी गई है। पार्टी ने नगर निकाय चुनाव में इन मुद्दों को केंद्र में रखकर जनता के बीच जाने की रणनीति बनाई है।

पंचकूला में जुटे भाजपा के दिग्गज नेता

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार, रणबीर गंगवा, राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, कालका विधायक शक्तिरानी शर्मा, पूर्व स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता और पंचकूला मेयर उम्मीदवार श्यामलाल बंसल समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।

भाजपा ने इस आयोजन के जरिए शहरी वोट बैंक को साधने की स्पष्ट रणनीति दिखाई।

पूर्व मंत्री समेत कई नेताओं ने थामा भाजपा का दामन

कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री राजकुमार बाल्मीकि समेत कई नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इनके अलावा हिसार से जयसिंह बिश्नोई, गुरुग्राम से जगदीश मांडोली, रेवाड़ी से सुरेंद्र मड़िया, अनिल यादव सरपंच, पवन यादव, कैथल से अनिल और झज्जर के पूर्व वाइस चेयरमैन योगेश सिलानी भी भाजपा में शामिल हुए।

सीएम नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने सभी नेताओं को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।

भाजपा का फोकस—शहरी विकास और नागरिक सेवाएं

संकल्प पत्र में खास तौर पर—

  • शहरों की सफाई व्यवस्था
  • सीवरेज और पेयजल
  • सड़कों और ट्रैफिक व्यवस्था
  • स्ट्रीट लाइट और शहर सौंदर्यीकरण
  • पार्क, ओपन जिम और लाइब्रेरी
  • नगर निगम सेवाओं में सुधार
  • शिकायत निवारण और पारदर्शिता

जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दी गई है।

कांग्रेस पहले ही जारी कर चुकी घोषणा पत्र

इससे पहले कांग्रेस पार्टी भी अपना घोषणा पत्र जारी कर चुकी है। चंडीगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 10 बड़े वादों के साथ कांग्रेस का विजन पेश किया था, जिसमें ग्रीन सिटी, क्लीन सिटी, पार्किंग, CCTV, जल निकासी और आवारा पशुओं की समस्या जैसे मुद्दे शामिल थे।

अब निकाय चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर और तेज होती नजर आ रही है।