हरियाणा बोर्ड टॉपर्स से CM नायब सैनी ने की फोन पर बात
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा बोर्ड के 10वीं और 12वीं टॉपर्स से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी। CM ने मेधावियों और उनके माता-पिता का हौसला बढ़ाया।
CM नायब सैनी ने देर रात हरियाणा बोर्ड टॉपर्स से फोन पर बात की
10वीं और 12वीं के मेधावियों को दी बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
टॉपर्स के माता-पिता से भी बोले CM- आपका बेटा-बेटी और ऊंचाई पर जाए
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की 10वीं और 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने देर रात अपने आवास से ही स्टाफ के जरिए बोर्ड टॉपर्स के घर फोन मिलवाए और छात्रों के साथ-साथ उनके परिवारों का भी उत्साह बढ़ाया।
सीएम सैनी ने विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान कहा कि परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक छात्र-छात्रा को हरियाणा सरकार की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर कदम पर युवा शक्ति के साथ खड़ी है और मेधावी छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान विद्यार्थियों के माता-पिता से भी बात की। उन्होंने अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि उनके बच्चे भविष्य में और ऊंचाइयों को छुएं। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
हरियाणा बोर्ड की 10वीं परीक्षा में महेंद्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी निवासी दीपांशु ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। दीपांशु ने 500 में से 498 अंक प्राप्त किए हैं। वह बालाजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भुंगारका के छात्र हैं। खास बात यह रही कि टॉप मेरिट सूची में शामिल छात्रों में वह एकमात्र लड़के हैं।
दीपांशु ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि उनका सपना भविष्य में IIT की तैयारी कर इंजीनियर बनने का है। इस बार 10वीं की मेरिट सूची में कुल 16 छात्रों ने टॉप-3 में जगह बनाई है।
वहीं हरियाणा बोर्ड की 12वीं परीक्षा में रेवाड़ी की छात्रा दीपिका ने 500 में से 499 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा 10वीं बोर्ड परीक्षा में भिवानी के आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मिराण की छात्रा दीपिका ने भी 499 अंक हासिल कर प्रदेश में टॉप किया।
इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में बेटियों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा और उन्होंने टॉप रैंक पर अपना दबदबा कायम रखा। मुख्यमंत्री ने भी छात्राओं की इस उपलब्धि की सराहना की।
pooja