हरियाणा विधानसभा में गूंजा गंदे पानी का मुद्दा, विनेश बोलीं– अधिकारी दे रहे गलत रिपोर्ट बजट सत्र में प्रदूषण, पेंशन और नौकरी सुरक्षा पर गरमाई बहस
हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के 9वें दिन सदन में दूषित पेयजल, प्रदूषण, बुढ़ापा पेंशन और कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने नहर में गंदे पानी का मुद्दा उठाते हुए अधिकारियों पर गलत रिपोर्ट देने का आरोप लगाया।
■ हरियाणा बजट सत्र के 9वें दिन विधानसभा में गूंजे पानी, प्रदूषण और पेंशन के मुद्दे
■ विनेश फोगाट ने कहा– अधिकारी सरकार को दे रहे गलत रिपोर्ट, नहर में झाग वाला पानी
■ BJP विधायक ने थर्मल प्लांट से प्रदूषण उठाया, प्रभावित गांवों को शिफ्ट करने की मांग
चंडीगढ़ में चल रहे हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के 9वें दिन सदन में कई अहम मुद्दों पर तीखी चर्चा देखने को मिली। प्रश्नकाल के साथ सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू हुई, जिसमें विपक्ष और सत्ता पक्ष के करीब 20 विधायकों ने अपने सवाल रखे। सदन में दूषित पेयजल, प्रदूषण, बुढ़ापा पेंशन, कौशल रोजगार निगम के कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षा और ट्रामा सेंटर जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। कई सवालों पर मंत्रियों को जवाब देना पड़ा, जबकि कुछ मुद्दों पर सरकार ने कार्रवाई का भरोसा दिया।
सबसे ज्यादा चर्चा जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के सवाल पर हुई। उन्होंने जुलाना और जींद क्षेत्र में सुंदर ब्रांच नहर में सीवरेज युक्त गंदा पानी छोड़े जाने का मुद्दा उठाया। विनेश ने कहा कि हालात इतने खराब हैं कि नहर के पानी में झाग उठ रहे हैं और लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि अधिकारी सरकार को सही स्थिति नहीं बता रहे और फर्जी रिपोर्ट दे रहे हैं, इसलिए इस समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा। इस पर पेयजल एवं सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि वह मामले का संज्ञान लेंगी और इसकी दोबारा जांच (रीचेकिंग) कराई जाएगी।
इसी दौरान नलवा से विधायक रणधीर पनिहार ने भी दूषित पेयजल का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि हड़वा, नलवा, दाहिमा, गुंजार, भोजराज, बालावास, मंगाली, हिरकोट, कैमरी और गंगवा समेत कई गांवों में भूजल में टीडीएस की मात्रा बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों को पीने के पानी में परेशानी हो रही है। इस पर मंत्री श्रुति चौधरी ने बताया कि यह मामला नहर की रिलाइनिंग से जुड़ा है और विभाग इस दिशा में काम कर रहा है, उम्मीद है कि एक महीने के भीतर ग्रामीणों को राहत मिल जाएगी।
सदन में यमुनानगर के सर दीनबंधु छोटू राम थर्मल पावर प्लांट से होने वाले प्रदूषण का मुद्दा भी उठा। BJP विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि प्लांट के कारण आसपास के गांवों के लोग प्रभावित हो रहे हैं, इसलिए इन गांवों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाना चाहिए। इस पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने जवाब देते हुए कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि प्रभावित गांवों को राहत दी जाएगी और जल्द ही शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी इसके लिए मंजूरी दे दी है और वह स्वयं गांव का दौरा करेंगे।
विधानसभा में बुढ़ापा पेंशन को लेकर भी सवाल उठे। बाढड़ा विधायक उमेद सिंह और अंबाला शहर से विधायक निर्मल सिंह ने कहा कि कई बुजुर्गों की पेंशन कट गई है, जिससे उन्हें जीवनयापन में परेशानी हो रही है। इस पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि पेंशन से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए जिला स्तर पर कमेटियां बना दी गई हैं। जिन लोगों को पेंशन से संबंधित समस्या है, वे इन कमेटियों से संपर्क कर सकते हैं।
इसके अलावा करनाल से BJP विधायक जगमोहन आनंद ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि जो कर्मचारी 5 साल की सेवा पूरी कर चुके हैं, क्या सरकार उनके लिए स्थायी सुरक्षा का कोई प्रस्ताव ला रही है। इस पर मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि यह प्रक्रिया फिलहाल विचाराधीन है।
सदन में पृथला विधायक रघुवीर तेवतिया ने पलवल और बहादुरगढ़ के बीच ट्रामा सेंटर बनाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यह बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है और यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं, लेकिन ट्रामा सेंटर न होने के कारण मरीजों को दिल्ली या फरीदाबाद ले जाना पड़ता है, जिससे कई बार जान का खतरा बढ़ जाता है।
इसके अलावा मुलाना से कांग्रेस विधायक पूजा ने स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोच और कर्मचारियों की संख्या को लेकर सवाल पूछा। इस पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि स्टेडियम निर्माण और टेंडर की प्रक्रिया जारी है और स्टेडियमों में पर्याप्त कर्मचारियों की व्यवस्था की जा रही है।
shubham