हरियाणा राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का ‘शिमला शिफ्ट’ प्लान, 2 होटलों में कमरे बुक, बाहर हिमाचल पुलिस का पहरा, हुड्‌डा समेत 6 MLA नहीं गए

हरियाणा में 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने विधायकों को शिमला के होटल में ठहराने की रणनीति बनाई है। कुफरी के होटलों में कमरे बुक किए गए हैं और सुरक्षा के लिए हिमाचल पुलिस तैनात है।

हरियाणा राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का ‘शिमला शिफ्ट’ प्लान,  2 होटलों में कमरे बुक, बाहर हिमाचल पुलिस का पहरा,  हुड्‌डा समेत 6 MLA नहीं गए

राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस विधायकों को शिमला शिफ्ट करने की रणनीति
कुफरी के दो होटलों में कमरे बुक, हिमाचल पुलिस का सख्त पहरा
हुड्डा समेत 6 विधायक नहीं गए, बैठक में दिखे अलग-अलग राजनीतिक संकेत


हरियाणा में 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पार्टी के अधिकांश विधायकों को हिमाचल प्रदेश के शिमला में ठहराने का फैसला किया गया है। इसके लिए पहले से ही कुफरी के पास गलू स्थित होटल ट्विन टावर और होटल रेडिसन में कमरे बुक कराए गए हैं। इन होटलों के बाहर हिमाचल पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया है ताकि विधायकों की सुरक्षा और निगरानी बनी रहे।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस विधायक तीन टेम्पो ट्रैवलर में सवार होकर शिमला के लिए रवाना हुए। पूरे काफिले को हिमाचल पुलिस एस्कॉर्ट कर रही है। सूत्रों के अनुसार सभी विधायक देर रात तक होटल पहुंच जाएंगे और राज्यसभा चुनाव तक वहीं रुकेंगे। राजनीतिक हलकों में इसे क्रॉस वोटिंग रोकने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि हरियाणा की राजनीति में राज्यसभा चुनाव अक्सर बेहद दिलचस्प और समीकरणों से भरे होते हैं।

हालांकि इस दल के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, बादली विधायक कुलदीप वत्स, जुलाना विधायक विनेश फोगाट, पंचकूला विधायक चंद्रमोहन, पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास और टोहाना विधायक परमवीर सिंह शिमला नहीं गए। इससे राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

चंडीगढ़ में भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के आवास से निकलते कांग्रेस विधायक।

हुड्डा आवास पर लंच मीटिंग, सभी विधायक पहुंचे


शिमला रवाना होने से पहले चंडीगढ़ में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर कांग्रेस विधायकों के लिए लंच का आयोजन किया गया। दोपहर करीब 1 बजे तक पार्टी के सभी 37 विधायक वहां पहुंच गए थे। बैठक के दौरान आगामी राज्यसभा चुनाव की रणनीति और पार्टी लाइन को लेकर भी चर्चा हुई। हालांकि बैठक के दौरान कुछ घटनाओं ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी।

हुड्‌डा आवास से निकलते विधायक चंद्रमोहन और विनेश फोगाट।

चंद्रमोहन बीच में ही बैठक छोड़कर चले गए


पंचकूला से कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन करीब पौने दो बजे बैठक के बीच से ही निकल गए। बाहर निकलते समय उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और मोबाइल पर बात करते हुए वहां से चले गए। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि चंद्रमोहन को कुमारी सैलजा खेमे का करीबी माना जाता है, इसलिए उनके अचानक बैठक छोड़ने से कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

विधायक मोहम्मद इलियास हुड्डा आवास से निकलकर डायलिसिस कराने गए।

बीमारी के बावजूद पहुंचे मोहम्मद इलियास


पुन्हाना से विधायक मोहम्मद इलियास लंबे समय से बीमार चल रहे हैं और अस्पताल में भर्ती रहे हैं। इसके बावजूद वह हुड्डा आवास पर बैठक में पहुंचे। हालांकि कुछ देर बाद वह डायलिसिस कराने के लिए अस्पताल चले गए। उन्हें सहारा देकर गाड़ी में बैठाया गया। बाद में वह फिर से आवास पर लौट आए।

नमाज पढ़ने के लिए बैठक से बाहर आए मामन खान

फिरोजपुर झीरका से विधायक मामन खान जुमे की नमाज अदा करने के लिए बैठक से बाहर आए। नमाज पढ़ने के बाद वह फिर से बैठक में शामिल हो गए। नूंह दंगों के दौरान चर्चा में रहे मामन खान को कांग्रेस के तेज-तर्रार नेताओं में गिना जाता है।

कुलदीप वत्स ने हिमाचल जाने से किया इनकार


बादली से विधायक कुलदीप वत्स हुड्डा आवास पर लंच में तो पहुंचे लेकिन उन्होंने साफ कहा कि वह हिमाचल नहीं जाएंगे। उन्होंने बताया कि उनके भतीजे की शादी हुई है और 15 मार्च को अनाज मंडी में रिसेप्शन पार्टी है, इसलिए वह वहीं रहेंगे।

विनेश फोगाट जल्दबाजी में निकलीं


जुलाना से विधायक और अंतरराष्ट्रीय पहलवान विनेश फोगाट भी करीब ढाई बजे हुड्डा आवास से बाहर निकलीं। उनके हाथ में स्टाइलिश पर्स था और वह मीडिया के सवालों से बचते हुए तेजी से अपनी गाड़ी की ओर बढ़ गईं। बताया जा रहा है कि वह अपने 8 महीने के बेटे को भी साथ लाई थीं

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का यह कदम विधायकों को एकजुट रखने और किसी भी संभावित क्रॉस वोटिंग को रोकने की रणनीति का हिस्सा है। अब सबकी नजरें 16 मार्च को होने वाले मतदान पर टिकी हैं।