अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगम चुनाव की कमान राव नरेंद्र सिंह के हाथ
हरियाणा कांग्रेस ने अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगम चुनाव के लिए तीन स्पेशल कमेटियां गठित कीं। राव नरेंद्र सिंह नेतृत्व करेंगे, भूपेंद्र सिंह हुड्डा शामिल, कई दिग्गज बाहर।
➤हरियाणा कांग्रेस ने अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगम चुनाव के लिए बनाई तीन स्पेशल कमेटियां
➤लोकसभा सांसद कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला और पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह को नहीं मिली जगह
➤नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा तीनों कमेटियों में शामिल, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह करेंगे नेतृत्व
हरियाणा कांग्रेस ने आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगम चुनाव के लिए तीन अलग-अलग स्पेशल कमेटियों का गठन किया है। इन कमेटियों का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह को सौंपा गया है।
कमेटियों के गठन में सबसे अहम बात यह रही कि लोकसभा सांसद कुमारी सैलजा और रणदीप सुरजेवाला को किसी भी कमेटी में शामिल नहीं किया गया है। इसके साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह को भी इन चुनाव समितियों से बाहर रखा गया है। इस फैसले को संगठन में नए संतुलन और रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को तीनों नगर निगमों की चुनाव समितियों में शामिल किया गया है। पार्टी ने यह भी सुनिश्चित किया है कि हर नगर निगम की कमेटी में संबंधित जिले के विधायक और जिला अध्यक्ष को जगह दी जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर चुनावी रणनीति मजबूत की जा सके।
अंबाला और पंचकूला नगर निगम एक ही लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। इसी कारण अंबाला से सांसद वरुण चौधरी को दोनों नगर निगमों की चुनाव समितियों में शामिल किया गया है। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि इससे दोनों शहरों में बेहतर समन्वय और प्रभावी चुनाव प्रबंधन संभव होगा।
Akhil Mahajan