UPSC ने हरियाणा सरकार का डीजीपी पैनल लौटाया, बोला- पद खाली नहीं
UPSC ने हरियाणा सरकार का डीजीपी पैनल यह कहते हुए लौटा दिया कि पद खाली नहीं है। शत्रुजीत कपूर छुट्टी पर हैं। सरकार को अब फैसला लेना होगा।
• UPSC ने हरियाणा सरकार का डीजीपी पैनल लौटाया
• कहा- डीजीपी पद खाली नहीं, शत्रुजीत कपूर केवल छुट्टी पर
• अब सरकार को फैसला लेना होगा – कपूर को ज्वाइन कराएं या ट्रांसफर
हरियाणा में डीजीपी नियुक्ति का मामला एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। राज्य सरकार की ओर से UPSC (संघ लोक सेवा आयोग) को भेजा गया तीन नामों का डीजीपी पैनल आयोग ने वापस लौटा दिया है। आयोग ने स्पष्ट लिखा है कि डीजीपी का पद खाली नहीं है, इसलिए नए पैनल की प्रक्रिया वैधानिक रूप से उचित नहीं कही जा सकती।
दरसअल, डीजीपी शत्रुजीत कपूर को आईजी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या के बाद उठे विवाद के बाद दो माह की छुट्टी पर भेजा गया था। उनकी छुट्टी 14 दिसंबर को समाप्त हो रही है। ऐसे में वे कभी भी पदभार ग्रहण कर सकते हैं।
UPSC ने अपने पत्र में सुप्रीम कोर्ट के प्रकाश सिंह केस का हवाला दिया। आदेश के अनुसार, किसी राज्य डीजीपी के कार्यकाल में कम से कम दो वर्ष की गारंटी होती है। शत्रुजीत कपूर को 16 अगस्त 2023 को डीजीपी नियुक्त किया गया था, जो अवधि अब पूरी हो चुकी है। यदि सरकार चाहे तो अब औपचारिक निर्णय लेकर उन्हें अन्य विभाग में भेज सकती है।
सरकार ने UPSC को भेजे डीजीपी पैनल में पांच आईपीएस के नाम शामिल किए थे— शत्रुजीत कपूर, एसके जैन, अजय सिंगल, आलोक मित्तल और अशिंदर चावला। अब UPSC का पत्र लौट आने के बाद सरकार के सामने दो ही विकल्प बचे हैं—
या तो कपूर को दोबारा ज्वाइन कराए या पहले उन्हें ट्रांसफर कर पद खाली करे और फिर नया पैनल भेजे।
वहीं, कार्यवाहक डीजीपी ओपी सिंह का कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। ऐसे में सरकार को 31 दिसंबर से पहले बड़ा फैसला लेना होगा।
Author1