हरियाणा में HTET परीक्षा स्थगित, नई तिथि जल्द
हरियाणा में HTET परीक्षा 17 और 18 जनवरी को नहीं होगी। मौसम की वजह से परीक्षा स्थगित की गई है। नई तिथि 25 जनवरी के बाद घोषित होगी।
- हरियाणा में HTET परीक्षा स्थगित
- 17 और 18 जनवरी को होनी थी परीक्षा
- 25 जनवरी के बाद तय होगी नई तिथि
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने अध्यापक पात्रता परीक्षा HTET-2025 को स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा पहले 17 और 18 जनवरी को आयोजित होनी थी, लेकिन अब इसे जनवरी के अंतिम सप्ताह में कराने का फैसला लिया गया है। बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा की नई तिथि 25 जनवरी के बाद तय की जाएगी।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ पवन कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश में लगातार बन रही मौसम की विषम परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। परीक्षार्थियों की सुरक्षा और सुचारू परीक्षा आयोजन को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने एहतियातन परीक्षा स्थगित की है।
बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि नई परीक्षा तिथि की घोषणा दो से तीन दिन के भीतर कर दी जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि परीक्षा से करीब एक सप्ताह पहले एडमिट कार्ड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, इस बार HTET के तीनों लेवल की परीक्षाओं के लिए 2.20 लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को देखते हुए बोर्ड परीक्षा को लेकर सभी व्यवस्थाएं नए सिरे से सुनिश्चित करेगा।
Akhil Mahajan