हरियाणा में 20 जिलों में बारिश का अलर्ट, कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर
हरियाणा में 20 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट, कई नदियां ओवरफ्लो। फसलों को नुकसान पर सरकार ने ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला। CM नायब सैनी करेंगे दौरा।
➤ हरियाणा के 20 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट, फरीदाबाद-हिसार में मौसम साफ
➤ नदियों के ओवरफ्लो और जलभराव से फसलें बर्बाद, सरकार ने खोला ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल
➤ CM नायब सैनी आज कुरुक्षेत्र के प्रभावित इलाकों का करेंगे दौरा
हरियाणा में मॉनसून अब भी पूरी तरह सक्रिय है और इसका असर फसलों, गांवों व शहरों में साफ दिख रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ (IMD) ने राज्य के 20 जिलों में आज हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, हिसार और फरीदाबाद में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना जताई गई है।
लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगहों पर नदियां उफान पर हैं। फरीदाबाद में यमुना, सिरसा में घग्गर और कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मारकंडा का जलस्तर भले धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन अब भी वह डेंजर लेवल से ऊपर है। वहीं, घग्गर नदी के किनारे बसे गांवों में हालात काबू में लाने के लिए जेसीबी और मशीनें तैनात की गई हैं।
बहादुरगढ़ में हालात गंभीर हैं, जहां मुंगेशपुर ड्रेन के ओवरफ्लो से कई इलाकों में जलभराव हो गया है। स्थिति संभालने के लिए हिसार कैंट से सेना बुलाई गई है ताकि दिल्ली की ओर पानी न बढ़े।
फसलों पर इस बारिश ने सबसे ज्यादा असर डाला है। अब तक 546 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से 48 प्रतिशत अधिक है। केवल हिसार जिले में 276 गांवों की फसलें तबाह हो चुकी हैं। पहले सरकार ने सिर्फ 81 गांवों के लिए राहत पोर्टल खोला था, लेकिन अब प्रभावित किसानों की संख्या बढ़ने पर ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पूरे जिले के लिए खोल दिया गया है।
हथिनीकुंड बैराज का जलस्तर भी 1 लाख क्यूसेक से नीचे आने के बाद फ्लड गेट्स डाउन कर दिए गए हैं। राहत की बात यह है कि इससे कुछ हद तक नदियों का दबाव कम हुआ है।
वहीं, मुख्यमंत्री नायब सैनी आज कुरुक्षेत्र के पिहोवा, झांसा, शाहाबाद और लाडवा में पहुंचकर हालात का जायजा लेंगे। सीएम प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे।
IMD के मुताबिक, 8 सितंबर को अंबाला, यमुनानगर और करनाल में यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
Akhil Mahajan