हरियाणा के युवाओं के लिए विदेश में नौकरी का मौका UAE में 100 वैकेंसी
हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड ने UAE में 100 हैवी ड्राइवर पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। आखिरी तारीख 22 अक्टूबर है और सैलरी 45 हजार रुपये तय की गई है।
➤ हरियाणा के बेरोजगार युवाओं के लिए विदेश में सुनहरा मौका
➤ HKRN ने UAE में 100 हैवी ड्राइवर पदों के लिए आवेदन मांगे
➤ 22 अक्टूबर आखिरी तारीख इंटरव्यू एक हफ्ते बाद
हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (HKRN) ने प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए विदेश में रोजगार का बड़ा अवसर खोला है। निगम ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 100 हैवी ड्राइवर पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। ये भर्तियाँ जालंधर स्किल डेवलपमेंट कोऑपरेशन के माध्यम से की जा रही हैं।
सरकार की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार, आवेदन की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर यानी कल तय की गई है। इसके बाद उम्मीदवारों को एक सप्ताह के भीतर इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 45,000 रुपये प्रति माह की सैलरी दी जाएगी।
विभाग ने बताया कि आवेदन के समय युवाओं को कुछ चार्ज फीस भी देनी होगी। भर्ती विज्ञापन के मुताबिक, 30,000 रुपये फीस के साथ 18% जीएसटी (5400 रुपये) अतिरिक्त देने होंगे। इन रकमों में जॉइनिंग टिकट की लागत शामिल है। इसके अलावा मेडिकल टेस्ट के लिए 1,500 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
निगम के अनुसार, केवल GAMCA (खाड़ी अनुमोदित चिकित्सा केंद्र एसोसिएशन) से प्रमाणित मेडिकल सर्टिफिकेट ही मान्य होंगे। इंटरव्यू 29 अक्टूबर को वर्ल्ड स्किल ऑर्गनाइजेशन में आयोजित किया जाएगा।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया का उद्देश्य राज्य के युवाओं को विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उनके कौशल को वैश्विक स्तर पर मान्यता दिलाना है। हालांकि, उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले विज्ञापन में दिए गए सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ें ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या परेशानी न हो।
Author1