हरियाणा के 7 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
हरियाणा के 7 जिलों में आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 26 जून तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है।
हरियाणा के 7 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी
• पंचकुला से जींद तक 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
• 25 जून से प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने की संभावना
पंजाब के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा में अगले तीन दिन तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने मंगलवार 24 जून को राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बिजली कड़कने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच सिरसा जिले में सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और जींद में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी समेत पश्चिमी हरियाणा के जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
एक दिन पहले भी प्रदेश के कई इलाकों में मौसम ने करवट ली थी। सिरसा के डबवाली, गुरुग्राम, नूंह और नारनौल में धूल भरी आंधी चली थी। वहीं रेवाड़ी, गुरुग्राम, रोहतक और भिवानी में तेज बारिश दर्ज की गई थी। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि 25 जून से प्री-मानसून गतिविधियां और अधिक सक्रिय हो सकती हैं।
प्रदेश में लगातार तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज हुई है, जो सामान्य से नीचे है। सबसे अधिक तापमान रोहतक में 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सिरसा में 38.2 डिग्री और गुरुग्राम में 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
न
दूसरी ओर प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान सोनीपत में 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे रात के समय लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 24 जून को उत्तर और मध्य हरियाणा के कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी। 25 जून को अंबाला, यमुनानगर समेत उत्तरी जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मध्य हरियाणा में भी बादल बरसने के आसार हैं।
26 जून को प्रदेश में आंशिक बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है। हालांकि तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की उम्मीद है।
27 और 28 जून को मानसून की दस्तक से पहले मौसम फिर से सामान्य रूप से शुष्क हो सकता है। धूप निकलने के साथ उमस और गर्मी का असर बढ़ने की संभावना जताई गई है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 26 जून तक हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान हवाओं की दिशा में बदलाव होगा और बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे। पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से तेज धूल भरी हवाएं चलने तथा कई स्थानों पर हल्की बारिश होने की प्रबल संभावना है।
pooja